Ram Mandir : कल अयोध्या के साथ पूरा कोलकाता होगा राममय, जानें कहां, क्या ? | Sanmarg

Ram Mandir : कल अयोध्या के साथ पूरा कोलकाता होगा राममय, जानें कहां, क्या ?

कोलकाता : कल यानी सोमवार को अयोध्या के साथ-साथ पूरा कोलकाता भी राममय होने वाला है। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिये मंदिरों में भव्य तैयारी की गयी है। सभी मंदिरों में लाइटिंग की गयी है और सुबह से ही पूजा-अर्चना चालू हो जायेगी। कहीं हनुमान चालीसा तो कहीं शोभायात्रा की तैयारी की गयी है।

दक्षिण कोलकाता में कई आयोजन

कालीघाट बहुमुखी सेवा समिति के सचिव व भाजपा नेता तुषार कांति घोष ने बताया कि उनकी कमेटी की ओर से देशप्रिय सासमल पार्क में उद्घाटन के समय लाइव टेलिकास्ट दिखाया जायेगा। इसके बाद पूजा-अर्चना की जायेगी। स्थानीय मंदिरों के पुजारियों को इस दिन के लिये आमंत्रित किया गया है, उन्हें इस दिन सम्मानित किया जायेगा। दक्षिण कोलकाता में अन्य सभी स्थानों पर भी कई तरह के आयोजन होंगे।

उत्तर कोलकाता में शोभायात्रा, पूजा-पाठ का भी आयोजन

कल उत्तर कोलकाता में शोभायात्रा श्रीराम सेना एवं अन्य संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जायेगी। सुनील हर्ष ने बताया कि शोभायात्रा प्रात: 9.30 बजे श्री पूंटे काली मंदिर (गणेश टाकीज के समीप) से आरंभ होगी और चित्तरंजन एवेन्यू स्थित श्रीराम मंदिर होते हुए समीपस्थ श्री सिद्धिविनायक मंदिर में समाप्त होगी। मंदिर में श्रीराम जी की महा आरती, प्रसाद एवं भोग वितरण भी किया जाएगा। ‘मैं नहीं, हम’ संस्था के सचिव राजीव सिन्हा ने बताया कि 40 फुट का धनुष-बाण कार्यक्रम का आकर्षण केंद्र होगा। एलईडी स्क्रीन पर कार्यक्रम का लाइव टेलिकास्ट किया जायेगा। सुबह 9.30 बजे से सावित्री गर्ल्स कॉलेज और हेरिटेज मार्बल पैलेस के पास गणेश वंदना और इसके बाद ब्राह्मण पूजा, भजन-कीर्तन, झांकी, रामचरित मानस वितरण, नृत्य नाटिका व भोग प्रसाद वितरण किया जायेगा। सेंट्रल एवेन्यू के राम मंदिर में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जायेगा और पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद व भोग वितरण किया जायेगा।

दमदम में भी आयोजन

श्री राम जनमोत्सव कमेटी के प्रेसिडेंट पियूष कानोड़िया ने बताया कि कल सुबह 8 बजे से दमदम के हनुमान मंदिर से दमदम पार्क शितला मंदिर तक कलश यात्रा निकाली जायेगी। सुबह 9 बजे से यज्ञ व सुंदरकाण्ड पाठ किया जायेगा और कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया जायेगा। आरती व भोग वितरण के अलावा हनुमान चालीसा और राम सत्र पाठ, भजन संध्या व नृत्य नाटिका का आयोजन किया जायेगा।

 

Visited 170 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर