टिपरा मोथा का माकपा और कांग्रेस के साथ है गुप्त समझौता : शाह

भाजपा ने पूर्वोत्तर में 9,000 से ज्यादा आतंकवादियों का कराया आत्मसमर्पण
सन्मार्ग संवाददाता
संतिरबाजार/खोवाई (त्रिपुरा)/कोलकाता : त्रिपुरा दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को दावा किया कि टिपरा मोथा का कांग्रेस और माकपा के साथ गुप्त समझौता है और वह मूल निवासियों को गुमराह कर त्रिपुरा में फिर से वाम दल का शासन लाने का प्रयास कर रही है। वर्ष 2021 में त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) का चुनाव जीतने वाली क्षेत्रीय पार्टी टिपरा मोथा ने 16 फरवरी को होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में अकेले उतरने का फैसला किया है और वह 60 में से 42 सीटों पर लड़ेगी। पूर्ववर्ती राजपरिवार के वंशज प्रद्योत माणिक्य देबबर्मा के नेतृत्व वाली पार्टी टिपरा मोथा ने अलग राज्य ‘ग्रेटर टिपरालैंड’ की मांग का समर्थन करने वाले किसी भी दल के साथ चुनाव पश्चात गठबंधन की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। त्रिपुरा में लगभग 20 जनजातीय बहुल सीटें हैं जो पूर्वोत्तर राज्य में सत्ता की कुंजी हैं। शाह ने कहा, ‘टिपरा मोथा को वोट देने का मतलब माकपा को समर्थन देना है और कांग्रेस को समर्थन देने का मतलब वाम दल को वोट देना है। वाम दल को जनादेश देने का मतलब अशांति के दिनों को वापस लाना है।’
शाह ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में भाजपा के दो मुख्यमंत्रियों ने त्रिपुरा की सुरक्षा सुनिश्चित की है, जो पहले सीमा पार से घुसपैठ और उग्रवाद से पीड़ित था। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस ने आपको अंधकार दिया, लेकिन हमने आपको अधिकार दिया है। वाममोर्चा और कांग्रेस भ्रष्टाचार में लिप्त थे और अब दोनों साथ हैं।’ शाह ने यह भी दावा किया कि नरेंद्र मोदी नीत सरकार ने वर्षों की उपेक्षा को समाप्त कर पूर्वोत्तर का विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा, ‘पूर्वोत्तर, विशेष रूप से त्रिपुरा को उग्रवाद नाकाबंदी, नशीली दवाओं की तस्करी, भ्रष्टाचार और घुसपैठ के लिए जाना जाता था। मोदीजी ने एनएलएफटी के साथ शांति समझौते करके त्रिपुरा में शांति वापस लाने के गंभीर प्रयास किए। कम से कम 40,000 ब्रू (लोगों) का पुनर्वास किया गया है।’ इधर, खोवाई में एक अन्य रैली में केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा ने पूरे पूर्वोत्तर में 9,000 से अधिक उग्रवादियों को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर किया। उन्होंने कहा, ‘पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास के पथ पर है, हवाई अड्डे, सड़कें बनाई जा रही हैं, रेलवे ट्रैक भाजपा के शासन में बनाए जा रहे हैं।’ शाह ने कहा, ‘हमने पिछले पांच वर्षों में त्रिपुरा में शांति और समृद्धि लाई है। लेकिन ये पांच साल काफी नहीं हैं, यात्रा जारी रखनी है। अगर त्रिपुरा विकास कर सकता है, तो केवल भाजपा के शासन में ही कर सकता है।’

शेयर करें

मुख्य समाचार

Weather Update: बंगाल में भीषण गर्मी के बीच आज 3 जिलों में बदलेगा मौसम, कहां-कहां होगी बारिश ?

कोलकाता: बंगाल में लोगों को लू और गर्म हवा का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो गर्मी की लहर अभी कम आगे पढ़ें »

दीपक की हुई आरती

नई दिल्ली : गोविंदा की भांजी आरती सिंह शादी के बंधन में बंध चुकी हैं। आरती ने दीपक चौहान के साथ शादी रचा ली है। आगे पढ़ें »

ऊपर