West Bengal: बंगाल के आलू के लिए तरस रहा ओडिशा, मदद के लिए ममता दीदी से गुहार… | Sanmarg

West Bengal: बंगाल के आलू के लिए तरस रहा ओडिशा, मदद के लिए ममता दीदी से गुहार…

कोलकाता : ओडिशा में इन दिनों ‘पोटैटो पॉलिटिक्स’ छिड़ी हुई है। यहां आलू सप्लाई में कमी के चलते दाम आसमान छू रहे हैं। हालत ऐसी हो गई है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में ममता दीदी से गुहार लगा रहा है। भाजपा और बीजू जनता दल के बीच रेस लगी हुई है कि कौन ममता बनर्जी तक अपनी बात पहले पहुंचाएगा। पहले तो विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इसको लेकर ममता बनर्जी को लेटर लिखा। इसमें उन्होंने पर्याप्त आलू सप्लाई के लिए कहा है। पटनायक ने लिखा है कि बारिश के चलते ओडिशा में आलू सप्लाई पर बुरा असर पड़ा है। इसके चलते दाम बहुत ज्यादा बढ़ा दिए गए हैं, जिससे आम लोगों को समस्या हो रही है। इसके एक दिन बाद ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी खुद ममता बनर्जी से मिले। नई दिल्ली में नीति आयोग की बैठक से इतर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मामले पर ध्यान देने के लिए कहा। आलू के दाम पर नियंत्रण के लिए पश्चिम बंगाल ने अन्य राज्यों में सप्लाई रोक दी है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल देश के सबसे बड़े आलू उत्पादकों में शामिल है। भारत सरकार के एग्री एक्सचेंज ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के मुताबिक 2021-22 में पश्चिम बंगाल का आलू उत्पादन में शेयर 23.51 रहा है। उत्तर प्रदेश के 29.65% के साथ इस मामले में आगे है। ओडिशा में आलू की खपत काफी ज्यादा है और इसके लिए वह पश्चिम बंगाल पर निर्भर है। ओडिशा में हर साल 13 लाख मीट्रिक टन आलू की खपत है। जबकि वह तीन लाख मीट्रिक टन से भी कम आलू उगा पाता है। आलू की सप्लाई में कमी के चलते ओडिशा में इसके दाम काफी ज्यादा बढ़ गए हैं। सरकार ने आदेश दिया है कि आलू 32 रुपए प्रतिकिलो से अधिक दाम पर नहीं बेचे जाने चाहिए। लेकिन फुटकर बाजार में यह 50 से 55 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है।

Visited 105 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
1
0

Leave a Reply

ऊपर