Underwater Metro: यात्रियों को लेकर पहली बार गंगा नदी के नीचे दौड़ी हावड़ा-एस्प्लेनेड मेट्रो | Sanmarg

Underwater Metro: यात्रियों को लेकर पहली बार गंगा नदी के नीचे दौड़ी हावड़ा-एस्प्लेनेड मेट्रो

कोलकाता: आज से कोलकाता में अंडरवाटर मेट्रो सेवा यात्रियों के लिए शुरू हो चुकी है। शुक्रवार(15 मार्च) सुबह 7 बजे पहली बार यात्रियों को लेकर मेट्रो गंगा के नीचे दौड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले सप्ताह हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड तक मेट्रो सेवा का उद्घाटन किया था। शुक्रवार सुबह 7 बजे पहली बार यात्री सेवा शुरू हुई। अब आप हावड़ा से कोलकाता तक मेट्रो से आसानी से आ सकते हैं। देश में पहली बार पानी के अंदर मेट्रो रेल की शुरुआत हुई। यात्री करीब 46 सेकेंड तक गंगा के नीचे रहेंगे। गंगा के नीचे सुरंग के हिस्से को नीली रोशनी से सजाया गया है। नीली रोशनी देखकर ही यात्रियों को पता चल जाएगा कि वे गंगा के नीचे हैं।

हर 15 मिनट पर चलेगी मेट्रो

मेट्रो रेल सूत्रों के मुताबिक व्यस्त समय में इस रूट पर हर 12 मिनट में मेट्रो चलेगी। यह पीक आवर्स को छोड़कर हर 15 मिनट पर चलेगी। पहली मेट्रो एस्प्लेनेड और हावड़ा मैदान से सुबह 7 बजे रवाना होगी। आखिरी मेट्रो दोनों दिशाओं से रात 9:45 बजे रवाना होगी। रविवार को इस रूट पर मेट्रो नहीं चलेगी।

अक्टूबर से हावड़ा-सेक्टर 5 तक मेट्रो की हो सकती है शुरुआत

सूत्रों के मुताबिक, एस्प्लेनेड-सियालदह मेट्रो रूट की शुरुआत अक्टूबर से हो सकती है। अक्टूबर के अंत तक सेक्टर 5 से हावड़ा मैदान मेट्रो सेवा शुरू हो जायेगी। यह रूट हावड़ा मैदान से सॉल्टलेक सेक्टर 5 तक है। इस रूट की कुल दूरी 16.5 किमी है। इसमें से 10.8 किलोमीटर जमीन के अंदर से गुजरेगा। फिलहाल यह सेवा हावड़ा मैदान से धर्मतल्ला तक चल रही है। बता दें कि हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड रूट का किराया 10 रुपये है।

गंगा के नीचे सुरंग में आपातकालीन स्थिति में, सुरक्षा के लिए स्ट्रैंड रोड पर एक वेंटिलेशन शाफ्ट का उपयोग किया जाएगा। सुरंग के अंदर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए इसे डिज़ाइन किया गया है। स्ट्रैंड रोड पर निकासी/वेंटिलेशन शाफ्ट 43.5 मीटर गहरा है। ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर को चलाने वाली कोलकाता मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (KMRC) के अधिकारियों ने कहा, यह शाफ्ट भारत में भूमिगत रेल परियोजना के सभी वेंटिलेशन शाफ्टों में से सबसे गहरा है। यात्रियों को सुरंग के रास्ते से स्ट्रैंड रोड स्तर तक 36 मीटर या 12 मंजिल चढ़ना पड़ता है।

Visited 4,790 times, 3 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर