महीने की सबसे गर्म रात बितायी कोलकाता के लाेगों ने | Sanmarg

महीने की सबसे गर्म रात बितायी कोलकाता के लाेगों ने

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भीषण गर्मी की चपेट में पूरा बंगाल है और रात होते ही जैसे यह गर्मी और असहनीय हो जा रही है। गुरुवार की भोर का समय कुछ इसी तरह असहनीय बन गया था। आम तौर पर दिन में तापमान कितना भी अधिक हो, लेकिन रात में पारा कम हो जाता है। हालांकि बुधवार की रात कोलकाता का न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस था, पारा और कम नहीं हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार की रात कोलकाता के लोगों के लिये सबसे गर्म रात रही। वहीं पूरे साल में अब तक यह तीसरी सबसे गर्म रात रही। यहां उल्लेखनीय है कि इस बार दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा जैसे गर्म स्थानों पर गर्मी की स्थिति काफी बेहतर है जबकि पश्चिम बंगाल में इस बार​ विपरीत स्थिति ही देखी जा रही है। अप्रैल महीने से ही गर्मी का कहर कोलकाता समेत बंगाल के वि​​भिन्न जिलों में जारी है। केवल पश्चिमांचल ही नहीं बल्कि कोलकाता में भी तापलहर का सामना लोगों को करना पड़ा। 5 दिन अलीपुर का तापमान 40 डिग्री से अधिक रिकाॅर्ड किया गया था। अधिकतम तापमान की बात करें तो इस बार अप्रैल का महीना इस सदी का 5वां सबसे गर्म महीना रहा। अप्रैल महीने में वर्ष 1987 में रात में गर्मी इतनी अधिक थी, केवल 0.1 डिग्री तापमान और बढ़ जाता तो यह रिकॉर्ड 2023 के नाम होता। मई महीने में भी कई बार रात का तापमान 30 डिग्री के आस-पास रहा जबकि जून की शुरुआत में ही रात का तापमान 30 डिग्री से अधिक हो गया। इससे पहले वर्ष 2008 में 10 मार्च को रात का न्यूनतम तापमान 34 डिग्री और वर्ष 1982 में 12 मई को रात का न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस था। वहीं जून महीने का रिकॉर्ड वर्ष 1998 का था जबकि इस बार 25 वर्षों के बाद कोलकाता के लोगों को इतनी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो स्वाभाविक से 4 डिग्री अधिक है। वहीं दक्षिण बंगाल के जिलों के अलावा जैसलमेर, जोधपुर, बिकानेर जैसे गर्म शहरों में भी रात का तापमान 29 डिग्री से नीचे है। रविवार से बदल सकता है मौसम मौसम विभाग का अनुमान है कि संभवतः रविवार से मौसम में बदलाव हो सकता है। आम तौर पर उत्तर बंगाल में 7 तारीख और दक्षिण बंगाल में 10 तारीख को बारिश आ जाती है, लेकिन निम्न दबाव के कारण इस बार पूरी प्रक्रिया में देरी हो रही है। मौसम विभाग की ओर से कल यानी शनिवार तक ताप लहर की संभावना जतायी गयी है जबकि रविवार से प्री मानसून बारिश चालू हो सकती है। आगामी कुछ दिनों तक दार्जिलिंग, कालिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। रविवार से उत्तर बंगाल मेें भारी बारिश की संभावना जतायी गयी है।

Visited 363 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर