Moscow Attack: इस्लामिक कट्टरपंथियों ने किया मॉस्को अटैक, लेकिन पुतिन ने की यूक्रेन की बात | Sanmarg

Moscow Attack: इस्लामिक कट्टरपंथियों ने किया मॉस्को अटैक, लेकिन पुतिन ने की यूक्रेन की बात

मॉस्को: रूस के मॉस्को में हुए आतंकी हमलों को लेकर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार (25 मार्च) को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले हफ्ते मॉस्को में कॉन्सर्ट हॉल पर हमला करने वाले बंदूकधारी ‘इस्लामिक कट्टरपंथी’ हैं। इस हमले में 130 से अधिक लोगों की जानें चल गई थी। पुतिन ने सरकारी अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि ये हत्याएं इस्लामी चरमपंथियों द्वारा की गईं। पुतिन ने बीते सप्ताह कहा था कि 4 हमलावरों को यूक्रेन भागने की कोशिश करते समय गिरफ्तार किया गया। रूस के राष्ट्रपति ने सोमवार को एक बार फिर अपनी टिप्पणी में इस्लामिक स्टेट का जिक्र करने से परहेज किया।

हमले के बाद आतंकवादी क्यों भाग रहे थे यूक्रेन ?

पुतिन ने कहा कि यह पता लगाना जरूरी है कि ‘‘अपना अपराध करने के बाद आतंकवादियों ने यूक्रेन भागने की कोशिश क्यों की और वहां कौन उनका इंतजार कर रहा था.’’ बता दें कि IS सहयोगी द्वारा जिम्मेदारी लिए जाने के बाद अमेरिका ने आतंकी संगठन के दावे को सही करार दिया था। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि फ्रांस के पास मौजूद खुफिया जानकारी के मुताबिक मॉस्को हमले के पीछे आतंकवादियों का गुट ISIS के ही संगठन है।

रूस ने क्यों ISIS का नाम नहीं लिया ?

इससे पहले, सोमवार को क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने किसी को जिम्मेदार ठहराने से इनकार किया था और संवाददाताओं से रूसी एजेंसियों की जांच के नतीजों की प्रतीक्षा करने का आग्रह किया था। उन्होंने उन खबरों पर भी टिप्पणी करने से इनकार किया कि अमेरिका ने सात मार्च को मॉस्को में अधिकारियों को संभावित आतंकवादी हमले के बारे में चेतावनी दी थी। पेसकोव ने कहा कि इस तरह की खुफिया जानकारी गोपनीय होती है। रूस के कॉन्सर्ट हॉल पर हमला करने के मामले में पकड़े गए चार लोगों को रविवार को मॉस्को की एक कोर्ट में पेश किया गया और उन पर आतंकवाद का आरोप लगाया गया। सुनवाई के दौरान आरोपियों ने अदालत को चोट के निशान भी दिखाए। एक व्यक्ति तो बमुश्किल से होश में था।

मॉस्को हमले में मारे गए 137 लोग

रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन ने कहा कि जांच अभी भी जारी है लेकिन संकल्प लिया कि ‘‘अपराधियों को दंडित किया जाएगा, वे दया के पात्र नहीं हैं।’’ अधिकारियों ने बताया कि मॉस्को के पश्चिमी बाहरी इलाके में क्रोकस सिटी हॉल पर शुक्रवार रात हुए हमले में 137 लोग मारे गए और 180 से अधिक घायल हो गए। उन्होंने बताया कि अब भी 97 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। जिनका इलाज जारी है।

Visited 42 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर