Paris Olympics 2024 : मनु भाकर ने लहराया परचम, देश को पहला मेडल दिलाया | Sanmarg

Paris Olympics 2024 : मनु भाकर ने लहराया परचम, देश को पहला मेडल दिलाया

– 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता कांस्य
– ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनीं
शेटराउ (फ्रांस) : स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने रविवार को यहां महिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक के साथ पेरिस ओलंपिक में भारत के पदक का खाता खोला। इसी के साथ मनु ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनीं। मनु ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में 221.7 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय निशानेबाज जब बाहर हुईं तो दक्षिण कोरिया की येजी किम से सिर्फ 0.1 अंक पीछे थीं जिन्होंने अंतत: 241.3 अंक के साथ रजत पदक जीता। किम की हमवतन ये जिन ओह ने 243.2 अंक के फाइनल के ओलंपिक रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। लंदन ओलंपिक 2012 के बाद भारत का निशानेबाजी में यह पहला ओलंपिक पदक है। रियो ओलंपिक 2016 और टोक्यो ओलंपिक से भारतीय निशानेबाज खाली हाथ लौटे थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने मनु को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनु भाकर को पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, ऐतिहासिक पदक! पेरिस ओलंपिक में भारत को पहला पदक दिलाने के लिए मनु भाकर को बधाई। यह कांस्य पदक और सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि मनु निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। यह एक अविश्वसनीय उपलब्धि है।
गीता पढ़ने से मदद मिली : मनु
जीत के बाद मनु ने कहा कि मैं गीता बहुत पढ़ती हूं। इससे फोकस करने में मदद मिलती है। आज के मैच में मैंने आखिर तक लक्ष्य पर फोकस किया। मैं खुश हूं। भारत इससे ज्यादा डिजर्व करता है। उम्मीद है कि बाकी इवेंट में भारत और मेडल जीतेगा।
निशानेबाजी में भारत के पदकवीर
एथेंस ओलंपिक 2004 : राज्यवर्धन सिंह राठौड़ (रजत पदक)
बीजिंग ओलंपिक 2008 : अभिनव बिंद्रा (स्वर्ण पदक)
लंदन ओलंपिक 2012 : गगन नारंग (कांस्य पदक)
लंदन ओलंपिक 2012 : विजय कुमार (रजत पदक)
पेरिस ओलंपिक 2024 : मनु भाकर (कांस्य पदक)

Visited 133 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर