Weather Update: उत्तर बंगाल के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें ताजा अपडेट | Sanmarg

Weather Update: उत्तर बंगाल के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें ताजा अपडेट

कोलकाता: बंगाल में बीते तीन दिनों से तेज गर्मी पड़ रही है। कोलकाता शहर में रविवार को काफी गर्मी महसूस की गयी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया। इस बीच, मौसम विभाग का कहना है कि आज सोमवार(01 अप्रैल) को राज्य के कई जिलों में बिजली गिरने के साथ बारिश का अनुमान है। कुछ जिलों में तूफान भी आएगा। इस सप्ताह प्रदेश के किस जिले में कैसा रहेगा मौसम आपको पता होना चाहिए।

मौसम पूर्वानुमान
राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक है। उमस भरी मौसम में लोग काफी परेशान हैं। रविवार को उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश हुई। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से मौसम फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज और अगले कुछ दिनों में कोलकाता और पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में छिटपुट बारिश की उम्मीद है, जबकि पुरुलिया, बांकुरा, पश्चिम मेदिनीपुर और पश्चिम बर्दवान में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अप्रैल के पहले हफ्ते में दक्षिण बंगाल में गर्मी की वजह से लू चल सकती है। IMD ने कहा कि अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ जाएगा और अगले तीन दिनों तक पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में मौसम की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

कोलकाता का मौसम
कोलकाता में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शहर में रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस था। जबकि न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। कोलकाता में आज बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले 24 घंटों में कोलकाता में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 2 और 3 तारीख को कोलकाता में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। 4 तारीख से शहर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 5 तारीख को कोलकाता का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

दक्षिण बंगाल में मौसम
मौसम कार्यालय के अनुसार, सोमवार को पूरे दक्षिण बंगाल में मौसम शुष्क रहेगा। इसके अलावा मंगलवार और बुधवार को किसी भी जिले में बारिश का अनुमान नहीं है। इस सप्ताह दक्षिण बंगाल में तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ जाएगा। हवा में नमी अधिक होने के कारण अधिकतम तापमान अधिक महसूस किया जाएगा। महीने के दूसरे हफ्ते से बंगाल के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है।

उत्तर बंगाल में मौसम
रविवार दोपहर आए चक्रवात से जलपाईगुड़ी में भारी बारिश हुई। अलीपुर मौसम विभाग ने सोमवार को भी इस जिले में बारिश की भविष्यवाणी की है। सिर्फ जलपाईगुड़ी ही नहीं, उत्तर बंगाल के चार अन्य जिलों अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और कूच बिहार में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को उत्तर बंगाल के 5 जिलों में बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना है। जबकि 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चल सकती है।

Visited 6,949 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर