Durga Puja 2023 : एक क्लिक में देखें कोलकाता के मशहूर पूजा पंडालों की थीम व तस्वीरें | Sanmarg

Durga Puja 2023 : एक क्लिक में देखें कोलकाता के मशहूर पूजा पंडालों की थीम व तस्वीरें

कहीं डिजनीलैंड तो कहीं मैसूर पैलेस से लेकर राम मंदिर
कहीं सामाजिक संदेश तो कहीं सोमनाथ मंदिर
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : आज यानी शनिवार को महालया के साथ पितृ पक्ष का अवसान होगा और देवी पक्ष की शुरुआत हो जायेगी। देवी पक्ष की शुरुआत के साथ ही पश्चिम बंगाल के सबसे बड़े त्योहार दुर्गा पूजा की शुरुआत होगी। पहले जहां लोग केवल सप्तमी से दशमी तक 4 दिन ही दुर्गा पूजा में घूमते थे, वहीं अब ऐसा नहीं है। अब तृतीया और चतुर्थी से ही लोगों की भीड़ पूजा पण्डालों में उमड़ने लगती है। ऐसे में इस बार भी अपनी एक से बढ़कर एक थीम के साथ लोगों को आकर्षित करने के लिये पूजा पण्डाल तैयार हैं। कहीं डिजनीलैंड बनाया गया है तो कहीं मैसूर पैलेस। कहीं चंद्रयान 3 तो कहीं हाथों से बनाये गये पोस्टरों से सामाजिक संदेश देने की कोशिश की गयी है।
श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब : डिजनीलैंड

दक्षिण दमदम के श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब के पूजा पण्डाल में हर साल ही लाखों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है। गत वर्ष यहां वेटिकन सिटी बनायी गयी थी और इससे पहले बुर्ज खलीफा बनाया गया था। वहीं इस साल भी श्रीभूमि ने इस अभिनव प्रयास को बरकरार रखते हुए पेरिस का डिजनीलैंड बनाया है। डिजनीलैंड के कई प्रकार के कैरेक्टर भी यहां बनाये गये हैं और अभी से ही यहां की लाइटिंग लोगों को अपनी ओर खींच रही है।

संतोष मित्रा स्क्वायर : राम मंदिर

अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन जनवरी 2024 में होने वाला है। हालां​कि इससे पहले ही लेंबूतल्ला यानी संतोष मित्रा स्कवायर में भव्य राम मंदिर की थीम पर पूजा पण्डाल बनाया जा रहा है जो पूरी तरह अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिमूर्ति है। अयोध्या के मंदिर की हर डिटेलिंग इस राम मंदिर में दिखायी गयी है। सोमवार को इसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करने वाले हैं।

कॉलेज स्क्वायर : मैसूर पैलेस

मध्य कोलकाता का प्रख्यात कॉलेज स्क्वायर पूजा पण्डाल अपनी लाइटिंग के लिये विशेष तौर पर जाना जाता है। इस बार मैसूर पैलेस के तर्ज पर यहां का पूजा पण्डाल बनाया गया है। एक और इसकी खासियत है कि स्वीमिंग पूल में पूरे पण्डाल की परछाई पड़ती है और ऐसे में पण्डाल का अद्भुत नजारा दिखता है।

अहिरीटोला सार्वजनीन दुर्गोत्सव : सोमनाथ मंदिर


उत्तर कोलकाता के अहिरीटोला सार्वजनीन दुर्गोत्सव की ओर से गुजरात का भव्य सोमनाथ मंदिर बनाया जायेगा। पूजा पण्डाल की थीम का नाम ‘अविनश्वर’ दिया गया है। 17 बार ध्वंस किये जाने के बावजूद मंदिर को पुनः बनाया गया। 30 फीट का यह पण्डाल इस बार काफी भव्य दिखेगा।

नाकतला उदयन संघ : सामाजिक संदेश


दक्षिण कोलकाता के प्रख्यात नाकतला उदयन संघ की ओर से इस बार सामाजिक संदेश देने की कोशिश की गयी है। पौधारोपण, एंटी रैगिंग, रक्तदान जैसे सामाजिक संदेश फैलाने के लिये इस बार यह थीम चुनी गयी है। पर्यावरण दूषित ना हो, इसके लिये हाथों से ही पण्डाल में पोस्टर लगाये गये हैं।
एकडालिया एवरग्रीन क्लब : जैन मंदिर, महाराष्ट्र

दक्षिण कोलकाता के एकडालिया एवरग्रीन क्लब की ओर से इस बार महाराष्ट्र का जैन मंदिर बनाया गया है। पण्डाल के अंदर की भव्य तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गयी हैं। हर बार की तरह इस बार भी यह पूजा पण्डाल लोगों की भीड़ आकर्षित करेगा।
भवानीपुर 75 पल्ली : माउण्टेन फ्रूूट्स से बना है पण्डाल

‘भवानीपुर 75 पल्ली’ नाम वर्तमान में दक्षिण कोलकाता की प्रमुख थीम पूजाओं में है। इस प्रसिद्ध दुर्गा पूजा पंडाल ने 59 वर्षों से अपनी परंपरा को कायम रखा है। आयोजक इस बार साबेकियाना पर कायम हैं। यह पूजा विशेष रूप से अपने पंडालों की अनूठी शैली और समिति द्वारा पूरे वर्ष किए जाने वाले सामाजिक कार्यों के लिए प्रसिद्ध है। इस बार भवानीपुर 75 पल्ली के पंडाल की सजावट के लिए पान और आम समेत कई तरह के पहाड़ी फलों को चुना गया है। इन फलों को पारंपरिक तरीके से संसाधित और सजावट के लिए उपयोग किया जाता है।

Visited 282 times, 3 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर