सावधान : Kolkata में बढ़ने लगे हैं Dengue के मामले | Sanmarg

सावधान : Kolkata में बढ़ने लगे हैं Dengue के मामले

Fallback Image

महानगर में तेजी से पांव पसार रहा है डेंगू
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मानसूनी बारिश की वजह से महानगर में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। पिछले कुछ दिनों में कोलकाता के अस्पतालों में भर्ती होने वाले डेंगू रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीते एक सप्ताह में शहर के विभिन्न अस्पतालों में करीब 30 ऐसे मरीज भर्ती हुए हैं, जिनमें डेंगू के लक्षण हैं। वहीं अस्पतालों में प्रतिदिन ऐसे मरीज आ रहे हैं, जिनके प्लेटलेट्स कम मिल रहे हैं। डेंगू की आशंका पर इनका इलाज हो रहा है। आमरी ग्रुप हॉस्पिटल में वर्तमान में डेंगू से पीड़ित 7 मरीज इलाजरत हैं। इनमें से तीन मरीजों को पिछले सप्ताह अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं सीएमआरआई अस्पताल में डेंगू के 11 मरीज इलाजरत हैं। मेडिका इंस्टिट्यूट ऑफ क्रिटिकल केयर के निदेशक डॉ. तन्मय बनर्जी ने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में डेंगू से पीड़ित 8 मरीजों का इलाज किया जा रहा है, जबकि फोर्टिस हॉस्पिटल में डेंगू से पीड़ित एक मरीज इलाजरत है। डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच कोलकाता नगर निगम भी सतर्क हो गया है। केएमसी के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रोजाना विभिन्न वार्डों का दौरा कर लोगों को गंदगी न फैलाने की अपील कर रहे हैं, साथ ही बिल्डिंग निर्माण के प्रमोटरों को कंस्ट्रक्शन वेस्ट को इकट्ठा कर धापा स्थित कंस्ट्रक्शन वेस्ट प्लांट में रिसाइकिल करने के लिए भेजने का निर्देश दिया गया है। गौरतलब है कि हाल ही में उप मेयर अतिन घोष की अध्यक्षता में निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ हुई प्रशासनिक बैठक के दौरान कई पार्षदों ने शिकायत की थी कि मैदान व परित्यक्त जमीन पर कचरा फेंकने के कारण डेंगू के मच्छर तेजी से पनप रहे हैं। इसके साथ ही कंस्ट्रक्शन वेस्ट की वजह से भी इलाके में डेंगू के मच्छर पनप रहे हैं। बैठक के दौरान पार्षदों को सूचित किया गया कि केएमसी ने कंस्ट्रक्शन वेस्ट और परित्यक्त जमीन पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए नई मुहिम की शुरुआत की है। केएमसी अधिकारी ने बताया कि कचरा फैलाने के आरोप में केएमसी ने अब तक 50 से अधिक लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं।
अस्पताल               डेंगू मरीजों की संख्या
आमरी                        7
वुडलैंड                       3
सीएमआरआई            11
फोर्टिस                       1
मेडिका                       8

Visited 186 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर