Kolkata Temperature : कोलकाता में 37 पर पहुंचा पारा रियल फील 51 का | Sanmarg

Kolkata Temperature : कोलकाता में 37 पर पहुंचा पारा रियल फील 51 का

कोलकाता : महानगर कोलकाता समेत पूरा बंगाल प्रचण्ड गर्मी की चपेट में है। इन दिनों जारी उमस भरी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। सूर्य की किरणों के निकलते ही शरीर का झुलसना शुरू हो जा रहा है। लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि मौसम का मिजाज क्या है। शनिवार को दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस था पर गर्मी में उमस इस कदर थी कि लोगों को तापमान 51 के पार महसूस हो रहा था। ऐसे में मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि वीकेंड पर भी लोगों को इस गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। अगले मंगलवार तक कोलकाता समेत जिलों में उमस भरी गर्मी जारी रहेगी। वहीं जिलों के लिए मौसम विभाग ने लू की चेतावनी जारी की है। कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के बाकी जिलों में अत्यधिक नमी का अनुभव होगा। औसत तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी रविवार को 4 जिलों पश्चिम बर्दवान, पश्चिम मिदनापुर और बांकुड़ा, बीरभूम में लू चलेगी। ऐसे में यहां लोगों को काफी सतर्क रहने की आवश्यकता है। इसके अलावा कोलकाता, हुगली, हावड़ा, नदिया, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया व पूर्व बर्दवान में भी मंगलवार तक गर्मी और असह्य रहेगी। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह से पहले दक्षिण बंगाल में मानसून के प्रवेश की संभावना कम है क्योंकि 31 मई से मॉनसून अक्ष उत्तर बंगाल में एक ही स्थान पर है। नतीजतन इस सप्ताह उत्तर बंगाल से दक्षिण की ओर मानसून के आने की संभावना नहीं है।

Visited 4,027 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
6
0

Leave a Reply

ऊपर