ममता की बड़ी घोषणा, 1 लाख 25 हजार सरकारी कर्मचारियों की होगी नियुक्ति | Sanmarg

ममता की बड़ी घोषणा, 1 लाख 25 हजार सरकारी कर्मचारियों की होगी नियुक्ति

शिक्षा विभाग में सबसे अधिक नियुक्ति
2 हजार डॉक्टर, 7 हजार नर्सों को नियुक्त करेगी सरकार
आंगनवाड़ी पदों पर भी नियुक्ति, तैयार किये जायेंगे 17 हजार कर्मसंस्थान
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य में पंचायत चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को नवान्न में बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से विभिन्न पदों पर 1 लाख 25 हजार कर्मचारियों की नियुक्ति की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नियुक्ति अगले एक वर्ष के अंदर ही की जायेगी। सीएम ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य विभाग में 2,000 डॉक्टरों और 7,000 नर्सों की नियुक्ति की जायेगी। वहीं 2,000 कम्युनिटी हेल्थ वर्कर और 7,000 आशा कर्मियों की नियुक्ति भी की जायेगी। इसके अलावा समाज कल्याण विभाग में 9493 आंगनवाड़ी पदाें पर राज्य सरकार कर्मचारियों को नियुक्त करेगी। सीएम ने कहा, ‘राज्य में नये कर्मचारियों की नियुक्ति पर राज्य सरकार जोर दे रही है। कुल मिलाकर विभिन्न दफ्तरों में 1 लाख 25 हजार नौकरियां होंगी।’ विभिन्न पदों पर 17,800 कर्मसंस्थान तैयार किये जायेंगे। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी नियुक्ति की घोषणा सीएम ने की और कहा कि 2200 शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस के विभिन्न पदों पर 20,000 कर्मचारियों की नियुक्ति की जायेगी। 3,000 एक्साइज कांस्टेबलों की नियुक्ति होगी। ग्रुप-डी में 12,000 तो ग्रुप-सी में 3,000 शून्य पदों पर नियुक्ति की जायेगी। सीएम ने शिक्षा विभाग में भी नियुक्ति को लेकर बड़ी घोषणा की और कहा कि राज्य के प्राथमिक स्कूलों में 11,000 तो उच्च प्राथमिक स्कूलों में 14,500 पदों पर नियुक्ति की जायेगी। यहां उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले कैबिनेट की बैठक में नियुक्ति को लेकर मंत्रियों व राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों पर मुख्यमंत्री नाराज हुई थीं। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने कहा था कि उनसे अनुमोदन मिलने के बावजूद काफी पदों पर नियुक्तियां रुकी हुई हैं और इसका वह कारण जानना चाहती हैं।
कई बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं राज्य में
राज्य में नियुक्तियों की घोषणा करते हुए सीएम ने कहा कि हमारा लक्ष्य अधिक से अधिक रोजगारों का सृजन करना है और इस लक्ष्य को पूरा करने के लिये काफी संख्या में बड़ी-बड़ी परियोजनाएं राज्य में चालू की गयी हैं। इनमें बीरभूम में देवचा-पाचामी, आसनसोल-दुर्गापुर में शेल गैस, अशोकनगर में तेल परियोजना, अमृतसर-डानकुनी मालवाही कॉरिडोर, पुरुलिया के रघुनाथपुर में जंगल सुंदरी कर्मनगरी, बानतला में एशिया का वृहत्तम लेदर पार्क, न्यूटाउन में सिलीकॉन वैली और ताजपुर में डीप सी पोर्ट जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
विपक्ष ना करे रोजगारों पर राजनीति
सीएम ममता बनर्जी ने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि बंगाल में विपक्षी पार्टियों को रोजगार के मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिये। अगर विपक्षी पार्टियां लोगों को रोजगार नहीं दे सकती हैं तो कम से कम नियुक्तियों में बाधा उत्पन्न कर किसी तरह की राजनीति ना करें।

Visited 58 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर