Kolkata Weather Update : कोलकाता में गर्मी का 70 वर्षों का रिकॉर्ड, तापमान पहुंचा 43 डिग्री पर

कोलकाता : मंगलवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। वर्ष 1954 के बाद पहली बार कोलकाता में इतनी गर्मी पड़ी है। अलीपुर मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि फिलहाल लोगों को इस गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं है। आगामी 4 मई तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के जिलों में हीट वेव चलेगा। 4 तारीख के बाद मौसम में कुछ बदलाव आ सकता है।
उत्तर बंगाल के इन जिलों में हीट वेव
मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि उत्तर व दक्षिण दिनाजपुर और मालदह जिलों में हीट वेव की स्थिति रहेगी। इन जिलों में तापमान स्वाभाविक से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जायेगा। वहीं उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में अधिकतम तापमान स्वाभाविक से 2 से 3 डिग्री अधिक रहेगा। गत सोमवार को रायगंज में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया था जहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री पर पहुंच गया था। यह स्वाभाविक से 7.7 डिग्री अधिक है। वहीं दक्षिण बंगाल में सबसे अधिक तापमान कलाईकुण्डा में था जहां 45.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। यह स्वाभाविक से 8.6 डिग्री अधिक है।
70 से 90% आर्द्रता
मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम आर्द्रता जहां 20 से 40% बनी रहेगी, वहीं अधिकतम आर्द्रता 70 से 90% बनी रहने की संभावना है। दक्षिण बंगाल के बांकुड़ा, पुरुलिया, बीरभूम, झाड़ग्राम, मुर्शिदाबाद, पूर्व व पश्चिम मिदनापुर और पश्चिम बर्दवान जिलों के लिये रेड अलर्ट जारी किया गया है यानी इन ​जिलों में अति तीव्र हीट वेव रहेगा।
शनिवार से बदल सकता है मौसम
बताया गया कि शनिवार से मौसम में बदलाव हो सकता है। रविवार को दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में बा​रिश की संभावना है। वहीं सोमवार को राज्य भर में बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है।
सड़कें हुई सुनसान, लोग बंद हुए घरों में
भीषण गर्मी के कारण कोलकाता की सड़कें सुबह के बाद ही सुनसान हो जा रही हैं और लोग अपने-अपने घरों में कैद हो जा रहे हैं। गर्मी की भयावहता कोविड काल के समय लॉकडाउन के दिनों की याद दिला दे रही है। घर के बाहर बगैर किसी आवश्यक काम के लोग नहीं निकल रहे हैं। बाजारों में भी भीड़भाड़ व खरीदारी के लिये लोग शाम ढलने का इंतजार कर रहे हैं।
​पिछली बार ऐसा हुआ था मौसम
मौसम वैज्ञानिकाें का कहना है कि 19वीं सदी की शुरुआत में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी कोलकाता में पड़ी थी। वर्ष 1902 के 2 अप्रैल को कोलकाता में पारा 43.3 डिग्री सेल्सियस के पार गया था। इसके बाद वर्ष 1954 के अप्रैल महीने में इसी प्रकार कोलकाता गर्मी का शिकार हुआ था। उस समय भी रिकॉर्ड बनाते हुए तापमान 43.3 डिग्री पर पहुंच गया था। इस बार अप्रैल महीने में कोलकाता का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पार गया था। वहीं रियल फील 47 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था।

 

Visited 17 times, 1 visit(s) today
शेयर करें

मुख्य समाचार

Weather Update: बंगाल में भीषण गर्मी के बीच आज 3 जिलों में बदलेगा मौसम, कहां-कहां होगी बारिश ?

कोलकाता: बंगाल में लोगों को लू और गर्म हवा का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो गर्मी की लहर अभी कम आगे पढ़ें »

बारिश के लिए 200 फीट की ऊंचाई पर बांस पर झूलते हैं पुजारी, खास है पूजा

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में बारिश के लिए लोग भोक्ता पूजा का आयोजन कर रहे हैं। यह पूजा बारिश के लिए भगवान शिव की करते आगे पढ़ें »

ऊपर