
कोलकाता : जल्द ही सावन का पवित्र महीना समाप्त होने वाला है। यह महीना भगवान शिव को समर्पित होता है। इस माह भगवान शिव की उपासना करने से दोगुना फल मिलता है। इस बार सावन माह में अधिक मास पड़ने के कारण इसका महत्व और भी ज्यादा बढ़ गया है। बता दें कि 28 अगस्त को सावन का आखिरी सोमवार पड़ रहा है। इस साल सावन का आखिरी सोमवार काफी खास होने वाला है। दरअसल इस बार आखिरी सोमवार पर 5 शुभ संयोग बन रहे हैं। इस दिन शिवजी को प्रसन्न करने और उनकी कृपा पाने के लिए शुभ मुहूर्त में पूजा और अभिषेक करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है।पंचांग के अनुसार 28 अगस्त को सावन के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि है। इसके बाद त्रयोदशी तिथि आरंभ हो जाएगी। इस दिन सोम प्रदोष व्रत भी रखा जाएगा। ऐसे में इस दिन पूजा-अनुष्ठान करने वाले जातकों को शुभ फलों की प्राप्ति होगी। आखिरी सोमवार के दिन सुबह पूजा का शुभ मुहूर्त 09.09 मिनट से लेकर 12.23 बजे तक है। प्रदोष काल में पूजा का मुहूर्त शाम 06.48 से लेकर रात 09.02 तक है।