
गिरफ्तार लोगों की संख्या में हुयी 10, कई अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी
झाड़ग्राम : झाड़ग्राम जिले में नवज्वार यात्रा के समय अभिषेक बनर्जी के काफिले पर हमला करने के आरोप में अब जिला पुलिस ने भाजपा के एक कर्मी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम जय महतो है। उसे इलाके में भाजपा के एक सक्रिय कर्मी के तौर पर जाना जाता है। भाजपा के हर कार्यक्रमों में वह शामिल होता है। इसके अलावा राज्य में भाजपा के कई बड़े नेताओं के साथ उसकी तस्वीर भी है। अभिषेक बनर्जी के काफिले पर हमले की जांच पड़ताल कर रही पुलिस ने मंगलवार की रात को भाजपा के उस कर्मी को गिरफ्तार किया। सम्बंधित धाराओं के तहत मामला नामजद कर पुलिस ने बुधवार को उसका झाड़ग्राम कोर्ट में चालान कर दिया है। मालूम हो कि झाड़ग्राम में 26 मई की रात को अभिषेक बनर्जी के काफिले पर हमले की घटना हुयी थी। हमलावरों ने इस दौरान मंत्री बीरबाहा हांसदा की गाड़ी को तोड़ दिया तथा कई लोगों पर खूब पथराव भी किया था। इस मामले में पुलिस ने आदिवासी कुर्मी समाज के राज्य अध्यक्ष राजेश महतो समेत कुल 9 लोगों को पहले गिरफ्तार किया था। अदालत के आदेश से 7 अभियुक्तों को 12 जून तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। अब जय महतो नामक भाजपा कर्मी के पकड़े जाने से इस मामले में गिरफ्तार होने वालों की संख्या 10 तक जा पहुंची है।