
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को बेथून कॉलेजिएट स्कूल की 175वीं वर्षगांठ पर उसे राज्य का सर्वोच्च सम्मान ‘बंग रत्न’ प्रदान किया। सीएम ने शैक्षणिक संस्थान की प्रभारी शिक्षक सबरी भट्टाचार्य को एक ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि यह विद्यालय एक दिन दुनिया भर के सभी स्कूलों में अव्वल स्थान हासिल कर लेगा। नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि 175 साल पार कर आना मामूली बात नहीं। एक चारा दिया गया जो आज वटवृक्ष के रूप में परिणत हो गया है। जिस समय कोई महिला शिक्षा के बारे में सोचता नहीं था उस समय आपने महिलाओं में शिक्षा का अलख जगाया। शिक्षा के बिना कोई भी समाज आगे नहीं बढ़ सकता है और अगर लड़कियां शिक्षित नहीं होंगी तो कोई भी समाज कभी आगे नहीं जा सकता। समाज महिलाओं के जागरण के बिना प्रगति नहीं कर सकता है। महिला सशक्तीकरण की अब कितनी चर्चा है लेकिन 175 साल पहले ऐसी चर्चा एक मुद्दा रहा होगा और यह वह समय था जब बेथून स्कूल ने महिलाओं की शिक्षा का मार्ग प्रशस्त किया। 175 साल पहले इस पर अमल करना बेहद सराहनीय है, इसकी जितनी तारीफ की जाये कम है।