Kolkata Doctor Rape Case : भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंगाल भर में थानों का घेराव किया | Sanmarg

Kolkata Doctor Rape Case : भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंगाल भर में थानों का घेराव किया

कोलकाता : कोलकाता के सरकारी अस्पताल में एक महिला प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ बलात्कार और हत्या के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पूरे पश्चिम बंगाल में थानों का घेराव किया, नारे लगाए और परिसरों के प्रवेश द्वारों को घंटों अवरुद्ध रखा। पूर्व मेदिनीपुर जिले में 500 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता, जिनमें से कई महिलाएं थीं, नंदीग्राम थाने में घुस गए और बैरिकेड तोड़ दिए। भाजपा कार्यकर्ता ने राज्य पुलिस एवं त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने के साथ ही महिला स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में कथित विफलता को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने परिसर से बाहर निकलने से पहले कुछ देर तक थाने के अंदर नारे लगाए, लेकिन मौके पर मौजूद आरएएफ और पुलिसकर्मियों ने स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए आगे की कार्रवाई नहीं की। अधिकारी ने बताया कि बाद में थाने के प्रवेश द्वार पर कुछ देर के लिए ताला लगा दिया गया। वर्ष 2007-08 में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस के आंदोलन का केंद्र रहा नंदीग्राम शुभेंदु अधिकारी का क्षेत्र है, जो 2020 में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए।
थाना घेराव आंदोलन लोकतांत्रिक और अहिंसक
वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर नंदीग्राम से जीत दर्ज की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने वाली मुख्य सड़क भी जाम कर दी, हालांकि बाद में वे वहां से चले गए। भाजपा समर्थकों ने चिनसराह, सिउरी, मेदिनीपुर और बांकुरा में भी थानों का घेराव किया। चिकित्सक से बलात्कार और हत्या की घटना को लेकर भाजपा ने राज्यव्यापी ‘थाना घेराव’ अभियान की शुरुआत की है और इसी के तहत यह विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने मेदिनीपुर में प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा, ‘‘इस सरकार ने सत्ता में बने रहने का सारा अधिकार खो दिया है।’’ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा था कि थाना घेराव आंदोलन ‘‘लोकतांत्रिक और अहिंसक’’ होगा तथा यह महिला सुरक्षा के मुद्दे पर राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी के प्रति लोगों की नाराजगी को व्यक्त करेगा।

Visited 93 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर