
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोविड काल भले ही समाप्त हो गया हो लेकिन इसका ग्रहण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों (International Flights) पर अभी भी बरकरार है। लगातार प्रयासों के बाद भी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए यात्रा करने वालों की संख्या बढ़ने का नाम ही नहीं ले रही है। हाल ही में 2 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत भी हुई है। इनमें एतिहाद एयरवेज व एयर अरेबिया ने अबू धाबी के लिए सीधी उड़ानों को पिछले महीने से शुरुआत की है। इसके अलावा दुबई, दोहा तथा बैंकाक, क्वालॉलंपुर सहित कई स्थानों के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं लेकिन यात्रियों की संख्या में कुछ खास इजाफा नहीं हुआ है। अगर एतिहाद की बात करें तो कोलकाता व अबू धाबी के बीच सप्ताह में चार बार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को उड़ानें संचालित कर रही है। इससे यात्रियों की संख्या में हल्की वृद्धि हुई है लेकिन वह इतनी भी नहीं है कि कोई बड़ा अंतर आ जाए। एयरपोर्ट अधिकारी के मुताबिक कोलकाता से यूरोप जाने वालों की संख्या काफी अधिक है। ऐसे में कई मुम्बई व दिल्ली होकर जा रहे हैं। इससे कोलकाता से विदेश जाने वालों का असली आंकड़ा सामने नहीं आ रहा है।
कुल 50 उड़ानें हो रही हैं संचालित
कोलकाता व विभिन्न अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के बीच लगभग 50 उड़ानें (Flights) संचालित हो रही हैं। इनमें 25 यहां से जाती है और 25 विभिन्न गंतव्यों से कोलकाता आती है। इधर 3 अप्रैल के आंकड़ों पर गौर करें तो 24 उड़ानों से लगभग 2325 यात्री कोलकाता आये थे। वहीं यहां से 23 उड़ानों को संचालित किया गया था जिनसे 2623 यात्री विभिन्न अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए रवाना हुए थे। अधिकारी की माने तो मई – जून में फिर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी जब गर्मी की छुट्टियां मनाने लोग निकलेंगे। यहां बता दें कि 2023 में जब अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत हुई तो सबसे अधिक यात्रियों ने यात्रा किया था। इसने वर्ष 2019 के रिकार्ड को तोड़ दिया था। 2023 के पहले तीन महीनों में शहर से उड़ान भरने वाली प्रत्येक अंतरराष्ट्रीय उड़ान पहले से कहीं अधिक भरी हुई थी। 2019 में, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से पहले तीन महीनों (जनवरी से मार्च) के दौरान औसतन 127 यात्रियों ने यात्रा की थी। इस वर्ष, कोलकाता हवाई अड्डे के अधिकारियों द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, यह औसत लगभग 137 हो गया है। वहीं दुर्गापूजा के दौरान भी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में लगभग 15 से 20 हजार की संख्या में यात्रियों ने यात्रा की थी।
ट्रैवेल जगत के लोगों ने यह कहा
इस बारे में ट्रैवेल एजेंट्स एसोसियेशन ऑफ इंडिया, ईस्ट के सेक्रेटरी व एयरकॉम ट्रैवेल्स के चेयरमैन अंजनी धानुका ने बताया कि मई-जून में निश्चित तौर पर यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी। इधर, कोलकाता से नहीं लेकिन मुम्बई से लंदन के लिए विस्तारा डायरेक्ट उड़ान की शुरुआत 1 जून से करने जा रही है। कई एयरलाइंस और भी हैं जो 2 से 3 महीने में कोलकाता से उड़ानें शुरू कर सकती हैं। वहीं इस गर्मी में यूरोपियन देशों के लिए लोगों में ज्यादा क्रेज देखने को मिल रहा है। लंदन हो या फिर फ्रांस या फिर जर्मनी कई देशों के लिए यात्री टिकट कटवा चुके हैं। इन स्थानों के लिए विजा में लगने वाले समय के कारण लगभग 2 से 3 महीने पहले ही लोग इन स्थानों के लिए टिकटें करवा लेते हैं।