
तीनों स्ट्रीम में लड़कियों ने मारी बाजी
पटनाः बिहार स्कूल एजुकेशन बोर्ड (बीएसईबी) ने मंगलवार को बारहवीं कक्षा का परिणाम जारी कर दिया। इसमें कुल 83.70% विद्यार्थी सफल हुए हैं। यह पिछली बार से 3.55% ज्यादा है। तीनों स्ट्रीम में लड़कियां टॉपर रही हैं। आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स संकाय मिलाकर कुल 13 लाख 4 हजार 586 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें 10 लाख 91 हजार 941 विद्यार्थी सफल हुए हैं। सबसे अधिक सफल होने वालों में 47% फर्स्ट डिवीजन वाले हैं। फर्स्ट डिवीजन -5 लाख 13 हजार 222, सेकंड डिवीजन- 4 लाख 87 हजार 223 और थर्ड डिवीजन- 91 हजार 503 विद्यार्थी सफल हुए हैं। साइंस से खगड़िया की आयुषी नंदन, ऑर्ट्स में पूर्णिया की मोहनिशा और कॉमर्स में औरंगाबाद की सौम्या शर्मा ने टॉप किया है। आयुषी को 94.8% (474 मार्क्स) अंक, मोहनिशा और सौम्या को 95% (475 मार्क्स) मिले हैं।
सरकारी योजना में टॉपर्स को कैश और लैपटॉप : बिहार सरकार की योजना के मुताबिक साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स में फर्स्ट टॉपर आने वाले को एक लाख रुपए, एक लैपटॉप और एक किंडल ई-बुक रीडर दिया जाएगा। सेकेंड को 75 हजार रुपए एक लैपटॉप और ईबुक रीडर। थर्ड को 50 हजार रुपए एक लैपटॉप और किंडल ई-बुक रीडर दिया जाएगा। तीनों संकाय में 4th से 6th रैंक पर रहने वाले को 15 हजार रुपए और एक लैपटॉप मिलेगा।
पहली बार देश में सबसे पहले रिजल्ट जारीः ये 5वीं बार है जब बिहार ने देश में सबसे पहले रिजल्ट जारी किया है। शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर बोर्ड की मुख्य बिल्डिंग में इसकी घोषणा की। बिहार बोर्ड के इंटर की परीक्षा में इस बार 13 लाख 18 हजार विद्यार्थी शामिल हुए थे। इसमें 6 लाख 81 हजार 975 छात्राएं और 6 लाख 36 हजार छात्र थे। 1 फरवरी से 11 फरवरी तक ये परीक्षा ली गई थी।