![](https://sp-ao.shortpixel.ai/client/to_webp,q_lossy,ret_img/https://sanmarg.in/wp-content/uploads/2024/04/Sujata.jpg)
बांकुड़ा : लोकसभा चुनाव जैसे -जैसे नजदीक आ रहा है, विष्णुपुर संसदीय सीट से चुनावी महासमर में उतरे भाजपा प्रार्थी सौमित्र खां और तृणमूल प्रार्थी सुजाता मंडल और माकपा प्रार्थी शीतल कैवर्त्य प्रचार अभियान को और तेज करते जा रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस प्रार्थी सुजाता मंडल औंदा में प्रचार अभियान के दौरान वहां चल रहे दोल उत्सव में शामिल हुईं। इस दौरान हरिनाम संकीर्तन में शामिल भक्तों के बीच जाकर कांधे पर ढोल लेकर प्रभु श्रीकृष्ण की भक्ति में जमकर झूमी। संकीर्तन में भाग लेने के बाद माइक हाथ में लेकर उन्होंने कहा कि कीर्तन के दौरान वह ताल से ताल मिलकर जब नृत्य कर रही थीं तब महसूस हुआ कि वह कृष्ण की राधिका हो उठी हैं। इसके बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जैसे राधा ने भगवान् श्रीकृष्ण के चरणों में अपना जीवन समर्पित किया, ठीक वैसे ही उन्होंने अपना जीवन विष्णुपुर की जनता के लिए समर्पित कर दिया है। सुजाता के इस बयान पर कटाक्ष करते हुए भाजपा के जिला अध्यक्ष सह विधायक अमरनाथ साखा ने कहा कि आज वह खुद को राधिका समझ रही हैं। कल हेमा मालिनी , और श्रीदेवी समझेंगी। किसी दिन खुद को सूर्पनखा और पूतना भी समझेंगी। किसी की सोच को आप रोक नहीं सकते। दरअसल उनका दिमाग खिसक गया है इसलिए भगवान् के साथ खुद की तुलना कर रही हैं।