Asian Champion Trophy: हॉकी में भारत की बेटियों का जलवा, जापान को हराकर जीता गोल्ड | Sanmarg

Asian Champion Trophy: हॉकी में भारत की बेटियों का जलवा, जापान को हराकर जीता गोल्ड

रांची: भारत की महिला हॉकी टीम ने एशियन चैंपियन ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया है। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी रांची-2023 के फाइनल मैच में जीतकर दूसरी बार इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत लिया है। रांची के मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में रविवार (5 नवंबर) को खेले गए मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने जापान को 4-0 से हरा दिया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने हॉफ टाइम की समाप्ति तक 1-0 की बढ़त बना ली थी। भारत के लिए 17वें मिनट में यह गोल संगीता कुमारी ने किया था।

60वें मिनट पर भारत ने किया चौथा गोल

वहीं, दूसरे हाफ में भी भारत ने बेहतरीन तरीके से खेलते हुए तीन गोल और दाग दिए। दूसरा गोल नेहा ने 46वें, तीसरा गोल लालरेमसियामी ने 57वें और चौथा तथा अंतिम गोल वंदना कटारिया ने 60वें मिनट में किया। भारत की इस संस्करण में सात मैचों में यह लगातार सातवीं जीत थी। भारतीय टीम के लिए संगीत कुमारी ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छह गोल किए जबकि चीन की जियाकी झोंग सात गोल के साथ टॉप स्कोरर रहीं।

कुल 6 टीमें ले रही थीं हिस्सा

गोल मेडल जीतने के बाद भारतीय टीम के प्रत्येक खिलाड़ियों को 3-3 लाख रुपये और प्रत्येक सपोर्ट स्टाफ को 1.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इससे पहले, कांस्य पदक मुकाबले में चीन के लिए यी चेन ने तीसरे और तियांतियन लोउ ने 47वें मिनट में गोल किए। वहीं, कोरिया के लिए एकमात्र गोल सुजिन एन ने 38वें मिनट में दागा। कोरिया को चौथे, मलेशिया को पांचवें और थाईलैंड को छठे स्थान से संतोष करना पड़ा। राउंड रॉबिन लीग चरण के आधार पर खेले गए इस टूर्नामेंट में कुल छह टीमें भाग ले रही थीं। इनमें भारत के अलावा चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें शामिल थीं। भारत ने इसमें गोल्ड जीता तो चीन ने कोरिया को 2-1 से मात देकर कांस्य पदक हासिल किया। भारत ने इससे पहले साल 2016 में यह खिताब अपने नाम किया था। भारतीय टीम 2013 और 2018 में रजत पदक जीत चुकी है।

Visited 121 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर