
कोलकाता : एक बार फिर देर रात फ्लाईओवर पर बड़ी दुर्घटना हुई है। इस बार दुर्घटना में कॉलेज छात्र की मौत हो गई। वहीं युवती के साथ ही चार लोग गंभीर हैं। गंभीर हालत में सभी को महानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद एक बार फिर मां फ्लाईओवर पर सुरक्षा के इंतजाम को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार रात 12 बजकर 15 मिनट पर यह दुर्घटना घटी। साइंस सिटी के सामने ही मां फ्लाईओवर पर यह दुर्घटना घटी। तेज रफ्तार से आ रही वाहन अचानक अपना नियंत्रण खो बैठी ओर मां फ्लाईओवर वर डिवाइडर व लैंपपोस्ट से जा टकराई। कार पार्क सर्कस की ओर से चिंगरीहाटा की ओर जा रही थी।
गैस कटर की मदद से पांचों को निकाला गया
हादसे के बाद कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। गैस कटर की मदद से कार में बंद सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया। चालक की सीट पर बैठे सेंट जेवियर्स कॉलेज के छात्र नीहार अग्रवाल (19) की मौके पर ही मौत हो गई। उसे तत्काल एसएसकेएम ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत युवक टालीगंज सर्कुलर रोड इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। वाहन में सवार अन्य लोगों को भी गंभीर चोटें आईं। पुलिस हादसे के पीछे के कारणों की जांच कर रही है कि क्या यह हादसा लापरवाह गति के कारण के हुई या ड्राइवर नशे में था? हादसे के कारण मां फ्लाईओवर को रात में दो घंटे के लिए यातायात के लिए बंद कर दिया गया था।
कैसे हुई दुर्घटना ?
शुरूआती जांच में कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने अनुमान लगाया कि दुर्घटना कार की लापरवाह गति के कारण हुई थी। कार पार्क सर्कस से चिंगरीघाटा की ओर आ रही थी। हादसा प्रगति मैदान थाने के सामने मां फ्लाईओवर पर हुआ। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में घुस गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कार में पांच लोग सवार थे। इनमें चार युवक और एक युवती है। वे भी गंभीर रूप से घायल हो गये। ये सभी कॉलेज के छात्र बताए जाते हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वे खाना खाने जा रहे थे। पुलिस इस हादसे के पीछे के सही कारण की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। ड्राइवर नशे में था या नहीं इसकी भी जांच की जा रही है।