बंगाल में हुई रेल दुर्घटना… राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि… | Sanmarg

बंगाल में हुई रेल दुर्घटना… राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि… 

कोलकाता : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में हुई रेल दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल में रंगापानी स्टेशन के पास सोमवार को एक मालगाड़ी और सियालदह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस के बीच टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम पांच लोग मारे गए और करीब 30 अन्य लोग घायल हो गए। उत्तर बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से लगभग सात किलोमीटर दूर यह हादसा हुआ। फिलहाल घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य जारी है। घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया शोक…

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में ट्रेन दुर्घटना के कारण लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और राहत एवं बचाव कार्यों की सफलता के लिए प्रार्थना करती हूं।’

क्या है पूरी घटना??

बता दें क‌ि पश्चिम बंगाल में सियालदह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस सोमवार को सुबह न्यू जलपाईगुड़ी के पास एक मालगाड़ी से टकरा गई। उत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उत्तर सीमांत रेलवे कटिहार डिवीजन के डिवीजनल रेलवे प्रबंधक ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे हुई इस दुर्घटना में कुछ लोगों के घायल होने की अपुष्ट खबरें हैं। अधिकारी ने बताया कि अगरतला से आ रही 13174 कंचनजंगा एक्सप्रेस न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के पास रंगापानी के समीप एक मालगाड़ी से टकरा गई।

Visited 74 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
1
0

Leave a Reply

ऊपर