बरानगर में नवविवाहिता की मौत पर बवाल, पति-सास हिरासत में

आत्महत्या या साजिश? जांच में जुटी पुलिस
बरानगर में नवविवाहिता की मौत पर बवाल, पति-सास हिरासत में
Published on

कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरे स्थानीय लोग

पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप

बरानगर : बरानगर नगरपालिका के वार्ड नंबर-2 के अशोकगढ़ इलाके में रविवार को 3 महीने पहले ब्याही नवविवाहिता रिया पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। शव मिलने की खबर के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उसके पति मानस दास के घर के बाहर जुट गए। मायकेवालों को सूचना दिए बिना शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की कथित कोशिश का लोगों ने विरोध किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की व कहासुनी हुई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान रिया पाल (32) के रूप में हुई है। वह उत्तर बंगाल की रहने वाली थी और करीब तीन महीने पहले डनलप-अशोकगढ़ निवासी 43 वर्षीय मानस दास से उसका विवाह हुआ था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मानस दास मेट्रो रेलवे में कार्यरत हैं और यह उनकी दूसरी शादी थी। बताया जाता है कि वह पहले मोहन बागान और महेंद्र यूनाइटेड क्लब की ओर से फुटबॉल भी खेल चुके हैं।

प्रताड़ना का आरोप

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही रिया को कथित रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और घटना के दिन भी उसके साथ मारपीट हुई थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। शव बरामद होने के बाद लोग मौके पर जमा होकर मृतका के मायकेवालों को सूचना देने की मांग करने लगे।

पति ने बताया आत्महत्या का मामला

मानस दास का दावा है कि काफी देर तक रिया से संपर्क नहीं होने पर वह घर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर रिया फंदे से लटकी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पूछताछ के बाद रिया के पति मानस दास और उनकी सास को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। यह आत्महत्या या किसी अन्य वजह से रिया की मौत हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in