

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के जन्मदिन पर मंगलवार को उन्हें बधाई दी तथा पार्टी को मजबूत करने के साथ ही देश के स्वास्थ्य ढांचे में सुधार के उनके प्रयासों की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जेपी नड्डा को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। उनके विनम्र और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए उनका काफी सम्मान किया जाता है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि नड्डा अपने संगठनात्मक कौशल और सुशासन के प्रति जुनून के लिए जाने जाते हैं।
मोदी ने कहा, ‘‘भाजपा को मजबूत करने में उनकी भूमिका प्रशंसनीय है और भारत के स्वास्थ्य ढांचे में सुधार करने के साथ ही रसायन तथा उर्वरक क्षेत्र में हमारी प्रगति के लिए भी उनके प्रयास महत्वपूर्ण हैं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।’’ प्रधानमंत्री के विश्वसनीय सहयोगी नड्डा, भाजपा के 11वें अध्यक्ष हैं और उन्होंने 2020 में पदभार ग्रहण किया था।
अमित शाह ने भी दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मंत्रिमंडल के अपने वरिष्ठ साथी जेपी नड्डा को जन्म दिन की बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा-भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मोदी जी के हर एक व्यक्ति तक किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आप निरंतर कार्यरत हैं। साथ ही, संगठन के विस्तार में भी आपकी सराहनीय भूमिका रही है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।
पार्टी ने भी अपने अध्यक्ष को दी बधाई
इधर बीजेपी की तरफ से एक्स पर पोस्ट कर नड्डा को जन्म दिन की बधाई दी गयी है। पोस्ट में कहा गया है-भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जेपी नड्डा को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! संगठन को मजबूत बनाने में आपका अनुशासन, शांत नेतृत्व और निरंतर परिश्रम हम सभी के लिए प्रेरणा है। आपका नेतृत्व भारत के विकास और लोकतंत्र दोनों को नई दिशा देता है।