Earthquake in Philippines: फिलीपींस में 7.6 तीव्रता का भूकंप, सुनामी का खतरा

Earthquake in Philippines
Published on: 

नई दिल्ली: फिलीपींस के एक दक्षिणी प्रांत में शुक्रवार सुबह 7.6 तीव्रता का भूकंप आया। जिसके बाद सुनामी का खतरा पैदा हो गया। फिलीपींस के ज्वालामुखी विज्ञान और भूकंप विज्ञान संस्थान ने कहा कि इस भूकंप से नुकसान होने और बाद में और झटकों की आशंका है। भूकंप का केंद्र मनाय शहर से लगभग 62 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में दावाओ ओरिएंटल प्रांत के पास समुद्र में स्थित था।

होनोलूलू स्थित प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने कहा कि भूकंप के कारण इसके केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में समुद्र में खतरनाक लहरें उठने की आशंका है। उसने बताया कि भूकंप के केंद्र के पास फिलीपींस के कुछ तटीय इलाकों में सामान्य से तीन मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका है।

बीते दिन 74 लोग मारे गए थे

इंडोनेशिया और पलाऊ में भी समुद्र में लहरें उठ सकती हैं। फिलीपींस अब भी 30 सितंबर को आए 6.9 तीव्रता के भूकंप से उबर रहा है, जिसमें कम से कम 74 लोगों की मौत हो गई थी और 150 से भी ज्यादा लोग घायल हो गए थे। वहीं मध्य सेबू प्रांत के बोगो शहर तथा आसपास के इलाकों में हजारों लोग विस्थापित हुए थे। हालांकि, इस भूकंप में अब तक कितने लोग मारे गए हैं या जनहानि हुई है इसका अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, कुछ रिपोर्टों के मुताबिक बहुत से लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।

प्रशांत महासागर का ‘रिंग ऑफ फायर’

दुनिया में आपदा के लिहाज से सबसे ज्यादा संवेदनशील इलाकों में शामिल फिलीपींस में अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट होते हैं, क्योंकि यह प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ नामक भूकंप संभावित क्षेत्र में स्थित है। इस द्वीप समूह में हर साल लगभग 20 तूफान आते हैं, जिससे सरकार और स्वयंसेवी संगठनों के लिए आपदा प्रबंधन एक बड़ी चुनौती बन जाती है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News