भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क के मेयर पद का चुनाव जीता

जोहरान ममदानी सबसे कम उम्र में न्यूयॉर्क के मेयर बने हैं
भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क के मेयर पद का चुनाव जीता
Published on: 

न्यूयॉर्कः भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद के लिए हुए चुनाव में विजयी होकर इतिहास रच दिया। वह अमेरिका के सबसे बड़े शहर के मेयर पद पर आसीन होने वाले पहले दक्षिण एशियाई और मुस्लिम व्यक्ति बन गए हैं।

दिग्गज रिपब्लिकन नेता को हराया

ममदानी ने 9,48,202 वोट (50.6 प्रतिशत) प्राप्त कर न्यूयॉर्क सिटी के मेयर का चुनाव जीता, जिसमें 83 प्रतिशत वोट पड़े। वह कई महीनों से न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव की दौड़ में सबसे आगे थे और मंगलवार को उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा तथा दिग्गज नेता एवं न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो को हराया, जो निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे थे।

पहली बार 20 लाख लोगों ने दिया वोट

कुओमो को चुनाव की पूर्व संध्या पर ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन प्राप्त हुआ था। कुओमो को 7,76,547 वोट (41.3 प्रतिशत) मिले जबकि स्लिवा को 1,37,030 वोट मिले।

न्यूयॉर्क सिटी के निर्वाचन बोर्ड ने कहा कि 1969 के बाद पहली बार 20 लाख वोट डाले गए, जिनमें मैनहट्टन में 4,44,439 वोट पड़े, इसके बाद ब्रोंक्स (187,399), ब्रुकलिन (571,857), क्वींस (421,176) और स्टेटन आइलैंड (123,827) का स्थान रहा।

चुनाव प्रचार में लोगों के मुद्दे को उछाला

ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी हासिल करने के लिए प्राइमरी चुनाव में कुओमो को हराया था और इस वर्ष जून में उन्हें विजयी घोषित किया गया था। उनके प्रचार अभियान समूह ने कहा था, ‘जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के कामकाजी वर्ग के लोगों के लिए जीवनयापन की लागत कम करने के वास्ते मेयर पद का चुनाव लड़ रहे हैं।’

युवा नेता ममदानी को युवाओं और कामकाजी वर्ग के न्यूयॉर्कवासियों के बीच भरपूर समर्थन मिला, जो देश में कठिन आर्थिक और राजनीतिक माहौल के बीच महंगाई और नौकरी की असुरक्षा के बोझ तले दबे हुए हैं।

फिल्म निर्देशक मीरा नायर के बेटे हैं ममदानी

भारतीय मूल के ममदानी प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मीरा नायर और कोलंबिया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर महमूद ममदानी के पुत्र हैं। उनका जन्म युगांडा के कंपाला में हुआ था और सात साल की उम्र में वह अपने परिवार के साथ न्यूयॉर्क सिटी आ गए थे। ममदानी हाल ही में 2018 में ही अमेरिकी नागरिक बने थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in