भारत-अमेरिका संबंधों पर ट्रंप बहुत सकारात्मकः व्हाइट हाउस

अमेरिकी राष्ट्रपति आशा करते हैं कि भारत से रिश्ते भविष्य में और बेहतर होंगे
modi_and_trump_h1b_visa_row
फाइल फोटो
Published on: 

न्यूयॉर्क/वॉशिंगटनः ट्रे़ड टैरिफ से उपजे भारत-अमेरिका तनाव के बीच एक बार फिर से अमेरिका ने आशा प्रकट की है कि उसके भारत के साथ रिश्ते और मजबूत होंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत-अमेरिका संबंधों के भविष्य को लेकर ‘बहुत सकारात्मक’ महसूस करते हैं।

भारत से रिश्ते पर ट्रंप सकारात्मक

लेविट ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में भारत-अमेरिका संबंधों के भविष्य से जुड़े सवाल के जवाब में कहा, ‘मेरा मानना है कि राष्ट्रपति इस बारे में बहुत सकारात्मक और दृढ़ महसूस करते हैं। जैसा कि आप जानते हैं कि कुछ हफ्ते पहले उन्होंने दिवाली के अवसर पर ओवल ऑफिस में कई वरिष्ठ भारतीय-अमेरिकी अधिकारियों के साथ मुलाकात की थी और उस दौरान प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) से फोन पर बात भी की थी।’

ट्रंप को भारत में अमेरिकी राजदूत से बहुत आशा

उन्होंने यह भी कहा कि भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ‘बेहतरीन’ प्रतिनिधि हैं, जो वॉशिंगटन का बहुत अच्छी तरह प्रतिनिधित्व करेंगे। लेविट ने कहा, ‘राष्ट्रपति और उनकी व्यापारिक टीम संबंधित विषय पर भारत के साथ गंभीर चर्चा कर रही है। राष्ट्रपति ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी का बहुत सम्मान करते हैं और दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती रहती है।’

दिवाली पर ट्रंप ने मोदी से की थी बात

पिछले महीने ट्रंप ने ओवल ऑफिस में दिवाली समारोह की मेजबानी की थी,जिसमें अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा, कई प्रमुख भारतीय-अमेरिकी कारोबारी नेता और सामुदायिक प्रतिनिधि शामिल हुए थे।

ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन पर दिवाली की शुभकामनाएं भी दी थीं। इस पर मोदी ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि भारत और अमेरिका दोनों मिलकर दुनिया को आशा की किरण से आलोकित करते रहेंगे तथा आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहेंगे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in