कृष्णनगर में हाई वोल्टेज ड्रामा: हाथ में पर्चा और दौड़ पड़े BJP उम्मीदवार

BJP Candidates Run to File Nomination in Krishnanagar Before Deadline.
नामांकन के लिए दौड़ लगाते भाजपा प्रार्थी
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी पलों में कृष्णनगर में भारी अफरा-तफरी और रोमांच देखने को मिला। सोमवार को शक्ति प्रदर्शन के चक्कर में भाजपा उम्मीदवार खुद के बनाए 'जाम के जाल' में ऐसे फंसे कि उन्हें अपनी उम्मीदवारी बचाने के लिए जिला मजिस्ट्रेट (DM) कार्यालय की ओर दौड़ लगानी पड़ी।

शक्ति प्रदर्शन पड़ा भारी

कृष्णनगर उत्तर से तारक चटर्जी, दक्षिण से साधन घोष, कालीगंज से बापन घोष, नकाशीपाड़ा से शांतनु दे और चापरा से सैकत सरकार को आज नामांकन दाखिल करना था। सुबह से ही शहर में भगवा खेमे का भारी जमावड़ा था। पोस्ट ऑफिस मोड़ पर जनसभा के बाद हजारों समर्थकों के साथ विशाल जुलूस निकला। भीड़ इतनी अधिक थी कि पूरे शहर की रफ्तार थम गई।

आखिरी मिनटों की दौड़

नामांकन की समय सीमा दोपहर 3:00 बजे तक थी, लेकिन भारी भीड़ और जाम के कारण उम्मीदवार कार्यालय से काफी दूर रह गए। घड़ी की सुइयां भागती देख, समय समाप्त होने से ठीक पहले सभी उम्मीदवार गाड़ी छोड़ हाथ में नामांकन पत्र लेकर दफ्तर की ओर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि समय सीमा खत्म होने से चंद सेकंड पहले वे कार्यालय के भीतर दाखिल होने में सफल रहे और अपना पर्चा भरा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in