पटना: बिहार में वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली देने पर मचे बवाल के बाद बिहार कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर एक एआई-जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो के बाद बिहार में सियासी पारा चढ़ गया है। इस वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी से मिलते शख्स और उनकी दिवंगत मां हीराबेन से मिलती जुलती महिला को दिखाया गया है।
वीडियो के कैप्शन में लिखा है- साहब के सपनों में आईं मां। देखिए रोचक संवाद। गुरुवार रात शेयर हुए इस वीडियो में दिखाया गया है, प्रधानमंत्री के सपने में उनकी मां आकर कह रही है कि राजनीति के लिए कितना गिरोगे?
गलत अर्थ निकालना राजनीतिक
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी तरह की भाषाई हिंसा में विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा रोजगार, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे वास्तविक मुद्दों पर ही बात करना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि तकनीक के इस युग में एआई का इस्तेमाल रचनात्मक तरीके से होना चाहिए, लेकिन इसका गलत अर्थ निकालना राजनीतिक बहस को भटकाने जैसा है।
इमोशनल कार्ड खेल रही भाजपा
राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा, बिहार में ऐसा लगता है कि सरकार नाम की चीज ही नहीं है। सरकार और सरकार की स्थिति दयनीय हो गई है। उससे ध्यान भटकाने के लिए भाजपा इमोशनल कार्ड खेलना चाहती है। वहीं पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, ऐसे संस्कार केवल भाजपा ही दे सकती है।
सोची-समझी रणनीति
जदयू सांसद संजय झा ने कहा, कांग्रेस ने यह साफ कर दिया है कि दरभंगा में मंच से प्रधानमंत्री की मां को गाली देना कोई गलती नहीं, बल्कि सोची-समझी रणनीति थी। यह सिर्फ एक मां का नहीं, बल्कि हर मां और महिला का अपमान है।
कानूनी रूप से सजा मिले
बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस के एक एआई-जनरेटेड वीडियो पोस्ट पर कहा, इसके लिए सामाजिक और कानूनी रूप से सजा मिलनी चाहिए। मोदी जी के मां का एआई वीडियो बनाना बहुत गलत है। इन पर फ्रॉड का केस होना चाहिए, जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, राहुल गांधी अब यह साबित करना चाहते हैं कि हम फ्रॉड हैं, हम दुराचारी हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण रवैया है, और आने वाले दिनों में खुद इसका परिणाम भुगतना होगा। एआई वीडियो बनाकर बहुत गलत किया गया है। जनता दल यू (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा, देश की जनता सब कुछ देख रही है। ये अपमान नहीं सहेगी। इसका जवाब उन्हें जरूर मिलेगा। कांग्रेस के नेताओं को इस वीडियो के लिए माफी मांगनी चाहिए।