

सिलीगुड़ी : राज्य के पूर्व मंत्री, सिलीगुड़ी पूर्व विधायक एवं पूर्व मेयर माकपा नेता अशोक भट्टाचार्य ने कहा कि, इस बार सिलीगुड़ी से माकपा उम्मीदवार शरदिंदु चक्रवर्ती विधायक निर्वाचित होंगे और वह सिलीगुड़ी की पुरानी आवाज लौटाएंगे। वह आवाज जिसे कोलकाता सुनता था, राज्य सरकार सुनती थी, दिल्ली सुनता था, केंद्र सरकार सुनती थी, योजना आयोग सुनता था, सब सुनते थे। वह आवाज अब खो गई है। उस आवाज को वापस लौटाना होगा।
वह मंगलवार को माकपा जिला कार्यालय अनिल विश्वास भवन में अपने दलीय उम्मीदवार शरदिंदु चक्रवर्ती के घोषणा पत्र को जारी करने के उपलक्ष्य में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि, हम लोग केवल माकपा या वाममोर्चा की ही रैली व सभा नहीं कर रहे बल्कि खुदरा व्यवसायी, मंझोले व्यवसायी, संस्कृति कर्मी, पर्यावरणकर्मी, शिक्षक, कर्मचारी, इंजीनियर, हर तरह के लोगों के साथ भी बैठकें कर रहे हैं। हर किसी से तरह-तरह की सलाह मिल रही है। उन सभी सलाह को समायोजित कर काम किया जाएगा। उसी के मद्देनजर शरदिंदु चक्रवर्ती का 20 सूत्री घोषण पत्र तैयार किया गया है।
इसमें सिलीगुड़ी की खोई हुई स्वच्छ व सशक्त राजनीतिक संस्कृति को पुन: बहाल करना,
शहर में सद्भाव की रक्षा करना एवं आर्थिक विकास को पूरी गित देना है। मॉल संस्कृति जो खुदरा व मंझोले व्यवसाय को निगल रही है उससे उन्हें बचाना और रास्ता किनारे व्यवसाय करने वाले व्यवसायियों की भी रक्षा की जाएगी। शिक्षा व स्वास्थ्य के तमाम संसाधनों को बेहतर किया जाएगा। ऐसे ही अन्य कई वादे शामिल हैं। इस दिन घोषणा पत्र जारी होने के उपलक्ष्य में उम्मीदवार शरदिंदु चक्रवर्ती के साथ माकपा नेता मुकुल सेनगुप्ता भी मौजूद रहे।