

इस्लामपुर : ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के OBC मोर्चा की ओर से रविवार को इस्लामपुर शहर में पौधरोपण कार्यक्रम शुरू किया गया। अभियान की शुरुआत जीवन मोड़ के समीप इलाके से की गई। आयोजकों के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे इस्लामपुर शहर में करीब 300 पौधे लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला सह सभापति सुरजीत सेन सहित पार्टी के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पौधरोपण के दौरान लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने स्तर पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई।
भाजपा जिला सह सभापति सुरजीत सेन ने कहा कि देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बात कही गई है। इस लक्ष्य की दिशा में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि, प्रशासन, व्यापारी, महिलाएं और आम नागरिक सभी अपने-अपने स्तर पर योगदान दें। इसी उद्देश्य से जीवन मोड़ इलाके में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। कार्यक्रम में इस्लामपुर टाउन OBC मोर्चा के अध्यक्ष नेपाल दत्ता, इस्लामपुर नगर मंडल अध्यक्ष चित्रजीत राय, जिला उपाध्यक्ष सुरजीत सेन, कमलेश गुप्ता, संजीव भवाल, सुजान पाल समेत अन्य भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि आने वाले दिनों में इस्लामपुर शहर के विभिन्न इलाकों में पौधरोपण अभियान जारी रहेगा। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ अधिक से अधिक लोगों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।