मोटापा और मधुमेह चिंताजनक, सही देखभाल जरूरी

मोटापा और मधुमेह चिंताजनक, सही देखभाल जरूरी
Published on: 

भारत में मोटापा और मधुमेह (डायबिटीज) बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्या का रूप ले चुके हैं। ये गंभीर स्वास्थ्य संकट बन चुके हैं। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की 2023 की शोध-रिपोर्ट के अनुसार उस समय देश में लगभग 10.1 करोड़ लोग मधुमेह, 13.6 करोड़ प्री-डायबिटीज और 25.4 करोड़ लोग मोटापे से ग्रस्त थे जिसमें गत तीन वर्षों में और भी वृद्धि हुई है। वर्तमान में देश की 24% से अधिक आबादी मोटापे या अधिक वजन की शिकार है, जो हृदय रोग और टाइप-2 डायबिटीज के खतरे को सीधे बढ़ाती है। इस स्वास्थ्य समस्या के मुख्य कारण बदलते लाइफस्टाइल और आनुवंशिकी (जेनेटिक्स) हैं। इन समस्याओं से कैसे निपटा जाए? सही देखभाल कैसे की जाए?, ऐसे तमाम महत्वपूर्ण पहलुओं पर सिलीगुड़ी के जाने-माने जेनरल फीजिशियन डॉ. शीर्षेंदु पाल सन्मार्ग के लोकप्रिय कॉलम 'हेल्थ मंत्रा' में दे रहे हैं विस्तृत लाभदायक जानकारी।

मोटापा और डायबिटीज के बीच क्या संबंध है? ये दोनों बीमारियां एक-दूसरे से कैसे जुड़ी हैं?

मोटापा, विशेषकर पेट के आसपास चर्बी का जमा होना, टाइप-2 डायबिटीज का सबसे प्रमुख जोखिम कारक है। इन दोनों स्थितियों के मेल को चिकित्सा विज्ञान में 'डायबेसिटी' (Diabesity) कहा जाता है। बीएमआई (बॉडी मास इंडेक्स) में प्रत्येक एक अंक की वृद्धि के साथ डायबिटीज होने का जोखिम लगभग 20 प्रतिशत बढ़ जाता है। शरीर में अतिरिक्त चर्बी रक्त में शुगर के उचित इस्तेमाल की प्रक्रिया को प्रभावित करती है।

शरीर में ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में इंसुलिन की क्या भूमिका होती है?

हम जब भोजन करते हैं, तो हमारा शरीर उसे ग्लूकोज यानी शुगर में परिवर्तित करता है। उसके बाद अग्न्याशय (पैंक्रियाज) से इंसुलिन नामक हार्मोन निकलता है। इंसुलिन एक चाबी की तरह काम करता है, जो रक्त में मौजूद ग्लूकोज को शरीर की कोशिकाओं के भीतर पहुंचाने में मदद करता है, जहां इसका इस्तेमाल ऊर्जा के रूप में होता है।

मोटापा किस तरह इंसुलिन की कार्यक्षमता को प्रभावित कर डायबिटीज का कारण बनता है?

जब त्वचा के नीचे और शरीर के अन्य हिस्सों में जमा चर्बी की भंडारण क्षमता पूरी हो जाती है, तो अतिरिक्त चर्बी लिवर और पैंक्रियाज जैसे अंगों में जमा होने लगती है। इससे ग्लूकोज के सामान्य भंडारण और इंसुलिन के उत्पादन की प्रक्रिया प्रभावित होती है। इसके साथ ही शरीर में साइटोकाइन्स और फ्री फैटी एसिड जैसे सूजन पैदा करने वाले तत्व निकलते हैं। ये मांसपेशियों, लिवर और वसा कोशिकाओं में इंसुलिन के संकेतों को प्रभावित करते हैं। परिणामस्वरूप कोशिकाएं इंसुलिन के प्रति प्रतिरोधी हो जाती हैं। इसे इंसुलिन रेजिस्टेंस कहते हैं। आरंभ में पैंक्रियाज अधिक इंसुलिन बनाकर इसकी भरपाई करने की कोशिश करता है। मगर, लगातार अतिरिक्त दबाव के कारण बीटा सेल्स की कार्यक्षमता प्रभावित होने लगती है। अंततः पर्याप्त इंसुलिन नहीं बन पाता और टाइप-2 डायबिटीज विकसित हो सकती है।

भारत में मोटापे और डायबिटीज का बढ़ता संबंध अधिक चिंताजनक क्यों है?

पश्चिमी देशों में सामान्यतः 30 किग्रा/वर्ग मीटर बीएमआई को मोटापे की सीमा माना जाता है, लेकिन दक्षिण एशियाई लोगों में 23-25 बीएमआई पर भी इंसुलिन रेजिस्टेंस विकसित हो सकता है। इसके पीछे आनुवंशिक प्रवृत्ति के साथ रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट से भरपूर और पर्याप्त प्रोटीन की कमी वाले खान-पान की भूमिका है। इसी कारण भारतीयों में कम उम्र में ही डायबिटीज होने का खतरा बढ़ जाता है।

वजन कितना कम करने से स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है?

कुल शारीरिक वजन का मात्र 5 से 10 प्रतिशत कम करने से भी ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल के स्तर में उल्लेखनीय सुधार हो सकता है। स्वस्थ रहने के लिए बहुत अधिक वजन घटाना हमेशा जरूरी नहीं है।

मोटापे और डायबिटीज से बचाव के लिए आदर्श खान-पान कैसा होना चाहिए?

थाली को तीन हिस्सों में बांटकर भोजन करना एक अच्छा तरीका है।आधा हिस्सा हरी पत्तेदार और रंग-बिरंगी बिना स्टार्च वाली सब्जियां। एक चौथाई हिस्सा ओट्स, मिलेट्स, ब्राउन राइस और साबुत गेहूं की रोटी जैसे जटिल एवं फाइबरयुक्त अनाज। वहीं, एक चौथाई हिस्सा दाल, पनीर, मछली, चिकन और अंडे जैसे प्रोटीन के स्रोत। रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट की जगह फाइबरयुक्त खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

मोटापा और डायबिटीज को नियंत्रित रखने के लिए कितना व्यायाम जरूरी है?

प्रतिदिन लगभग एक घंटे तेज गति से पैदल चलना या मध्यम तीव्रता वाला एरोबिक व्यायाम करना लाभदायक है। कम से कम सप्ताह में पांच दिन, प्रतिदिन 30 मिनट तेज गति से पैदल चलना भी एक अच्छा विकल्प है। नियमित शारीरिक गतिविधि इंसुलिन की कार्यक्षमता सुधारने में मदद करती है।

मोटापा और टाइप-2 डायबिटीज के इलाज के लिए कौन-कौन से आधुनिक उपचार उपलब्ध हैं?

आज कई आधुनिक उपचार उपलब्ध हैं। उनमें मेटफॉर्मिन, SGLT2 इनहिबिटर्स और GLP-1 रिसेप्टर एगोनिस्ट प्रमुख हैं। इनकी दवाएं अलग-अलग तरीकों से ब्लड शुगर नियंत्रित करने में मदद करती हैं। GLP-1 दवाएं वजन घटाने में भी सहायक हो सकती हैं। हालांकि, दवाओं का चयन मरीज की स्थिति और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही होना चाहिए।

क्या गंभीर मोटापे से ग्रस्त लोगों के लिए बेरियाट्रिक सर्जरी भी एक विकल्प है?

हां। गंभीर मोटापे से ग्रस्त कुछ मरीजों के लिए बेरियाट्रिक सर्जरी एक प्रभावी विकल्प हो सकती है। विशेषकर, तब जब अन्य उपायों से अपेक्षित परिणाम नहीं मिलते। इससे वजन में उल्लेखनीय कमी आने के साथ टाइप-2 डायबिटीज में भी काफी सुधार हो सकता है। कुछ मामलों में डायबिटीज से रिमिशन (लंबे समय तक बीमारी के नियंत्रण की स्थिति) भी संभव है। हालांकि, इसके लिए मरीज का सावधानीपूर्वक चिकित्सकीय मूल्यांकन जरूरी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News