शिकायत के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप

शिकायत के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप
Published on: 

इस्लामपुर: चोपड़ा में कुछ दिन पहले हुई कथित मारपीट और घर पर हमले की घटना में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है। पीड़ित अब्दुल कादर का आरोप है कि असामाजिक तत्वों का विरोध करने पर सड़क पर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद घटना वाली रात कुछ बदमाशों ने उसके घर पर हमला कर उसे और उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की कोशिश की। परिवार के मुताबिक, हमले में अब्दुल कादर समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए और लंबे समय तक सिलीगुड़ी के एक निजी नर्सिंग होम में उनका इलाज चला।

अब्दुल कादर ने बताया कि उन्होंने दासपाड़ा पुलिस चौकी, चोपड़ा थाने के साथ-साथ इस्लामपुर पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक को भी लिखित शिकायत दी है। उनका आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के काफी समय बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सोमवार को पीड़ित और उसके परिवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ कई शिकायतें उठाईं और मामले की जल्द जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

बताया गया है कि कुछ दिन पहले दासपाड़ा के स्कूलपाड़ा इलाके में देर रात एक घर पर हमले की शिकायत सामने आई थी। इस मामले में इरदीश आलम और एक सिविक वॉलंटियर के खिलाफ शिकायत दर्ज होने की बात कही गई है। मामले को लेकर इरदीश आलम से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि वह फिलहाल बाहर हैं और अगले दिन इस संबंध में बात करेंगे। वहीं, इस्लामपुर पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in