

मालदह : स्कूल में छात्राओं की बेहद कम उपस्थिति और शिक्षिकाओं के नियमित रूप से स्कूल नहीं आने की शिकायत को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद जिला शिक्षा विभाग हरकत में आया। सोमवार दोपहर इंग्लिश बाजार शहर के बीएस रोड स्थित सेंट्रल स्कूल फॉर गर्ल्स जूनियर हाई स्कूल का जिला शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि एवं एआई ऑफ स्कूल्स शुकदेव प्रमाणिक ने औचक निरीक्षण किया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पांचवीं से आठवीं कक्षा तक संचालित इस स्कूल में वर्तमान में महज सात छात्राएं नामांकित हैं। लंबे समय से नियमित पढ़ाई नहीं होने और निर्धारित समय में स्कूल बंद रहने के भी आरोप सामने आए थे। शिक्षिकाओं के स्कूल आकर उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद कुछ देर में चले जाने की शिकायत भी की गई थी।
औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल में एक भी छात्रा उपस्थित नहीं मिली। मौके पर एक शिक्षिका और एक क्लर्क मौजूद थे, जबकि प्रधान शिक्षिका भी स्कूल में मौजूद नहीं थीं। स्कूल की ओर से बताया गया कि दो शिक्षिकाएं उच्च माध्यमिक परीक्षा की ड्यूटी पर हैं।
अधिकारी ने स्कूल का उपस्थिति रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच करने के साथ ही परिसर की आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि स्कूल के सभी रिकॉर्ड की जांच की गई है। पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जाएगी और आगे की कार्रवाई विभाग द्वारा तय की जाएगी।
खबर प्रकाशित होने के बाद हुए इस औचक निरीक्षण से अब स्कूल में छात्राओं की अनुपस्थिति, शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति और पढ़ाई की व्यवस्था को लेकर विभाग की अगली कार्रवाई पर स्थानीय लोगों की नजर है।