सर्वे के नाम पर रुपये मांगने का आरोप, विरोध करने पर मारपीट

सर्वे के नाम पर रुपये मांगने का आरोप, विरोध करने पर मारपीट
Published on

इस्लामपुर : घरों के सर्वे के नाम पर लाभार्थियों से रुपये मांगने और विरोध करने पर पंचायत समिति सदस्य के पति के साथ मारपीट का आरोप सामने आया है। घटना ग्वालपोखर थाना क्षेत्र के सोलपाड़ा इलाके की है। मामले को लेकर ग्वालपोखर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार के निर्देश पर गोलपोखर-1 ब्लॉक के गोवागांव-2 ग्राम पंचायत में फिलहाल घरों का सर्वे चल रहा है। आरोप है कि सर्वे के नाम पर प्रत्येक लाभार्थी से 2 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर उनके घरों का सर्वे नहीं किया गया और सूची से नाम भी हटा दिया गया।

पंचायत समिति सदस्य के पति रंजीत दास ने बताया कि लाभार्थियों से शिकायत मिलने के बाद वह 27 अगस्त को मामले की जानकारी लेने ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मुखिया परवीन बॉबी के पति अख्तर हुसैन ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद रंजीत दास ने ग्वालपोखर थाने में शिकायत दर्ज कराई। रंजीत का आरोप है कि शिकायत दर्ज हुए करीब 17 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, स्थानीय निवासी मोहम्मद शफीक, अब्दुल गफ्फार और खुश मोहम्मद ने भी सर्वे के लिए रुपये मांगे जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रुपये देने से इनकार करने के कारण सर्वे में उनका नाम शामिल नहीं किया गया। हालांकि, मुखिया के पति अख्तर हुसैन ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि रुपये मांगने का आरोप पूरी तरह निराधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि रंजीत दास ने पंचायत में काम करने वाले लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया था। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in