

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह में हुए उस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है, जिसमें एक दिन पहले एक ट्रक ने सड़क पर खड़े वाहनों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में घायल एक और व्यक्ति ने धनबाद के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
यह हादसा शुक्रवार शाम को निमियाघाट थाना क्षेत्र के पुराने जीटी रोड पर मुख्य बाजार में हुआ था, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी थी। अधिकारियों ने दावा किया कि ट्रक बहुत तेज रफ्तार से चलाया जा रहा था और उसका चालक नशे की हालत में था।
निमियाघाट थाने के प्रभारी अधिकारी सुमन कुमार ने कहा, शुक्रवार देर रात धनबाद के एक अस्पताल में इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
मौके पर ही जान गंवाने वाले चार लोगों की पहचान मोहम्मद इरशाद (45), सुजीत कुमार (37), रंजीत कुमार (33) और संतोष कुमार महतो (27) के रूप में हुई है। ये सभी गिरिडीह के रहने वाले थे। हादसे में 7 लोग घायल हुए। कुमार ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने दो घंटे तक डुमरी-जीटी रोड को अवरुद्ध कर दिया और पीड़ितों के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग की। उन्होंने रात के समय बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की भी मांग की।
गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा, मैंने संबंधित विभाग को निर्देश दिया है कि वे इस पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें कि यह दुर्घटना किस वजह से हुई।