

नयी दिल्ली : विश्व कप विजेता पूर्व भारतीय हरफनमौला युवराज सिंह ने गुरुवार को कहा कि क्रिकेटरों को अपने मुख्य पेशे के तनाव से निपटने के लिए कम उम्र से ही गोल्फ खेलना शुरू कर देना चाहिए। युवराज क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद शौकिया तौर पर गोल्फ खेलते हैं। उन्हें दूसरे ‘इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (IGPL)’ का ब्रांड दूत बनाया गया है। युवराज ने IGPL की 10 फ्रेंचाइजी के अनावरण के मौके पर कहा, ‘क्रिकेटरों को क्रिकेट के साथ-साथ गोल्फ भी खेलना चाहिए। मुझे भी पहले गोल्फ खेलना चाहिए था, जिससे मुझे क्रिकेट में मदद मिलती।
गोल्फ वास्तव में आपको तनाव से मुक्ति दिलाता है।’ IGPL का कार्यक्रम अभी तय होना बाकी है। उन्होंने कहा, 'ज्यादातर विदेशी क्रिकेटर, खासकर ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी बचपन से ही गोल्फ खेलते हैं।’ युवराज ने कहा कि गोल्फ को एक विशिष्ट खेल माना जाता है, लेकिन यह एक ऐसा खेल है जो सार्वजनिक गोल्फ कोर्स के माध्यम से सभी के लिए सुलभ है। उन्होंने कहा, ‘हम गोल्फ को एक विशिष्ट खेल मानते हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि भारत का हर बच्चा गोल्फ खेले। हम गोल्फ को स्कूलों तक पहुँचाने की कोशिश कर रहे हैं। मेरा मानना है कि हर बच्चे को हर खेल को आजमाना चाहिए।’
युवराज ने कहा, ‘मैं जानता हूं कि क्रिकेट हमारा सबसे लोकप्रिय खेल है, लेकिन गोल्फ भी एक रोमांचक खेल है, जिसे हर किसी को आजमाना चाहिए। भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी के तौर पर, मैं अन्य खेलों में भी योगदान देना चाहता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘यह लीग खेल को रोमांचक बनाएगी और खेल के बारे में जागरुकता फैलाएगी। ज्यादा बच्चे इस खेल को अपनाएँगे, TV पर देखेंगे और खेलने के लिए प्रेरित होंगे। इससे खेल में पैसा आएगा और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने में मदद मिलेगी, और यह हमारी जिम्मेदारी है।' इस साल की IGPL में 10 फ्रेंचाइजी और पूरे साल में 15 टूर्नामेंट होंगे, जिनमें मॉरीशस, कांगो, दक्षिण अफ्रीका और मोरक्को में दो सहित पांच विदेशी टूर्नामेंट शामिल हैं।