इन खिलाड़ियों को कप्तान बनाने के पक्ष में मिताली

हरमनप्रीत की फिटनेस और फॉर्म पर सवाल, मिताली ने वनडे में स्मृति मंधाना और T-20 में शेफाली वर्मा को भविष्य की कप्तान के रूप में सुझाया
इन खिलाड़ियों को कप्तान बनाने के पक्ष में मिताली
Published on: 

नयी दिल्ली : भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज का मानना है कि हरमनप्रीत कौर के बाद स्मृति मंधाना को वनडे क्रिकेट में और शेफाली वर्मा को T-20 में भारत की कप्तानी सौंपी जानी चाहिये। सैतीस वर्ष की हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने पिछले साल वनडे विश्व कप जीता लेकिन 2018 से अब तक T-20 प्रारूप में ICC टूर्नामेंट नहीं जीत सकी है। मिताली ने कहा, ‘हम लगातार दूसरी बार T-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सके लेकिन सिर्फ इसी आधार पर यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि कप्तान बदलने की जरूरत है। मेरा मानना है कि कई मानदंडों को देखना चाहिये कि खिलाड़ी उन पर खराब उतरा है या नहीं।’ उन्होंने कहा, ‘एक तो फिटनेस है जो काफी अहम है।

पिछले दो तीन साल में आपने देखा होगा कि हरमन को फिजियो की मैदान पर जरूरत पड़ी है। कुछ मैचों में वह उपलब्ध नहीं रही। आप चाहेंगे कि आपका कप्तान फिट और हमेशा उपलब्ध हो। हम सभी की उम्र तो बढनी ही है और इसलिये वह सबसे फिट नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘पिछले तीन विश्व कप में उसके फॉर्म को देखें तो वह 15, 20 रन बनाती है और अर्द्धशतक बनाने के लिये तीन चार मैच इंतजार करना पड़ता है। इसके अलावा आपको यह भी देखना होगा कि अगले वनडे या T-20 विश्व कप में क्या वह खेल सकेगी। फैसला लेने वालों को इन चीजों को ध्यान में रखना होगा।’ मिताली ने कहा, ‘अगर आपको ऐसा लगता है कि T-20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन के कारण ही बदलाव जरूरी है।

कोच (अमोल मजूमदार) भी जवाबदेह है क्योंकि अंतिम एकादश पर फैसला कप्तान और कोच दोनों लेते हैं।’ भविष्य के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, ‘मुझे तो लगता था कि स्मृति दो तीन साल पहले ही वनडे प्रारूप की कप्तानी संभाल लेंगी। लेकिन अब भी उनके अपार अनुभव को देखते हुए कम से कम वनडे और टेस्ट प्रारूप की कप्तानी तो उन्हें ही दी जानी चाहिए और शायद T-20 प्रारूप किसी युवा खिलाड़ी को सौंपा जा सकता है। लेकिन वनडे के लिए तो साफ तौर पर अनुभव की जरूरत होती है।’ उन्होंने कहा, ‘T-20 में शेफाली कप्तान हो सकती है। वह अंडर 19 विश्व कप में कप्तान रह चुकी है। जेमिमा भी WPL में कप्तान रही है लेकिन मेरा मानना है कि जिसे भी कप्तान बनाये, उसे कुछ समय दें।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News