'IPL-2026 धोनी का आखिरी हो सकता है'

जैसे-जैसे 2026 का IPL करीब आ रहा है, धोनी के संन्यास को लेकर चर्चाएं फिर से तेज हो गई हैं
महेंद्र सिंह धोनी ने सीएसके को पांच IPL ट्रॉफी जिताई है।
महेंद्र सिंह धोनी ने सीएसके को पांच IPL ट्रॉफी जिताई है।
Published on

नयी दिल्ली : भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की तरफ से एक खिलाड़ी के रूप में यह अंतिम सत्र हो सकता है। जैसे-जैसे 2026 का IPL करीब आ रहा है, धोनी के संन्यास को लेकर चर्चाएं फिर से तेज हो गई हैं। CSK ने राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को लेकर अपनी टीम से जुड़ा है जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि धोनी इस बार खेल के मैदान पर कम दिखेंगे और वह मेंटोर (मार्गदर्शक) की भूमिका निभा सकते हैं। इरफान ने कहा, ‘धोनी के बिना CSK की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। हो सकता है कि इस सत्र में हम उन्हें आखिरी बार पीली जर्सी में देखें। लेकिन उनके बिना CSK और IPL की कल्पना करना मुश्किल है।’ उन्होंने कहा, ‘IPL शुरू होने के साथ ही हम धोनी को फिर से खेलते हुए देखने लगते हैं।

इसका मतलब है कि वह इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं और वह काफी फिट भी दिख रहे हैं।’ यह 44 वर्षीय खिलाड़ी इस महीने की शुरुआत में चेन्नई में CSK शिविर में शामिल हो चुका है और कप्तान रितुराज गायकवाड़ के नेतृत्व वाली टीम के साथ अभ्यास कर रहा है। पठान ने कहा कि धोनी की भूमिका टीम का मार्गदर्शन करने और अगली पीढ़ी के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने की हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘इस सत्र में धोनी सबको एकजुट करने में अहम भूमिका निभाएंगे। मुझे नहीं पता कि वो कितने मैच खेलेंगे। लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी से काफी मदद मिलेगी।' पठान ने कहा, ‘इससे संजू को फायदा होगा क्योंकि वह भी नेतृत्व समूह का हिस्सा होंगे। रितुराज गायकवाड़ कप्तान हैं। लेकिन इसके लिए दो या तीन खिलाड़ियों को भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है।

यहीं पर धोनी की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। मुझे उम्मीद है कि वह कुछ अंतर पैदा करेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘उनकी फिटनेस, बल्लेबाजी क्रम और क्या वे सभी मैच खेलेंगे, जैसे सवाल अब भी उठते रहेंगे। CSK का टीम प्रबंधन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगा। वे निश्चित रूप से छठी IPL ट्रॉफी जीतकर उन्हें शानदार विदाई देने की कोशिश करेंगे।’ धोनी ने IPL में अब तक 278 मैच खेले हैं और 5,439 रन बनाए हैं। पिछले सत्र में उन्हें केवल डेथ ओवरों में ही बल्लेबाजी करते हुए देखा गया था। उन्होंने तब 13 पारियों में 196 रन बनाए थे। CSK ने रवींद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स को देकर उनकी जगह संजू सैमसन को अपनी टीम से जोड़ा था। राजस्थान रॉयल्स की टीम में जोस बटलर भी नहीं हैं। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच संजय बांगड़ का मानना है कि दो स्थापित बल्लेबाजों के जाने के बाद राजस्थान के युवा खिलाड़ियों को अब जिम्मेदारी संभालनी होगी।

बांगड़ ने कहा, ‘पहले उन्होंने जोस बटलर को जाने दिया और अब संजू सैमसन भी टीम में नहीं हैं। टीम के युवा बल्लेबाजों को ही अब आगे बढ़कर जिम्मेदारी संभालनी होगी।’ भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज अभिनव मुकुंद ने कहा कि सनराइजर्स हैदराबाद के लिए शुरुआती मैचों में अच्छा प्रदर्शन करना चुनौती होगी और इसके अलावा उसके कप्तान पैट कमिंस की उपलब्धता को लेकर भी संशय बना हुआ है। उन्होंने कहा, ‘सनराइजर्स हैदराबाद को शुरू में कुछ मुश्किल मैच खेलने होंगे। यह कहना मुश्किल है कि पैट कमिंस पूरी तरह से खेलने के लिए उपलब्ध हैं या नहीं। उन्होंने अभी तक कोई बयान नहीं दिया है, इसलिए इसका इंतजार करना होगा क्योंकि वह टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी रहे हैं।’ सनराइजर्स अपना पहला मैच 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद उसका सामना दो अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स और पांच अप्रैल को लखनऊ सुपर जॉइंट्स से होगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in