

चेन्नई : ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि बिहार के मतदाताओं ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले ‘इंडिया’ गठबंधन को करारा जवाब दिया और उसके झूठ व लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयासों को नकार दिया।
उन्होंने कहा कि इस जनादेश ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) व गठबंधन के सामूहिक नेतृत्व और स्थिरता एवं विकास के प्रति प्रतिबद्धता में लोगों के विश्वास की पुष्टि की है। पलानीस्वामी ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, 'अन्नाद्रमुक की ओर से मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, नीतीश कुमार को इस जीत को हासिल करने में उनके समर्पित प्रयासों के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।'
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रचंड जनादेश बिहार की प्रगति और जन कल्याण को और गति देगा। बिहार में छह और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था। भाजपा के नेतृत्व वाले राजग ने बिहार की 243 विधानसभा सीट में से 180 से अधिक सीट पर प्रभावशाली बढ़त हासिल की है। शुरुआती रुझानों से यह भी संकेत मिल रहा है कि भाजपा अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज करने की ओर अग्रसर है।
गौरतलब है कि बिहार चुनाव में विपक्ष को मुहकी खानी पड़ी है। शाम 3 बजे तक महागठबंधन का प्रदर्शन बहुत ही ख़राब देखा जा रहा है। वह अभी 50 सीट भी नहीं पहुँच पाई है। ऐसे में यह साफ नज़र आ रहा है कि जनता ने महागठबंधन के घोषणाओं को साफ नकार दिया है। ऐसे में भाजपा और उसके सहयोगी दल महागठबंधन पर हमलावर है।