

संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान : विधायक के नाम पर अवैध वसूली की गई तो लैंपपोस्ट से बांधकर पीटूंगा। मेमारी थाने में पुलिसकर्मियों की संख्या कम है, इसलिए जरूरत पड़ने पर ''दवा'' देने के बाद तोलाबाजों को पुलिस के हवाले किया जाएगा। मेमारी से बीजेपी विधायक मानब गुहा ने अवैध वसूली को लेकर यह विस्फोटक टिप्पणी की। विधायक ने चेतावनी दी है कि उनके नाम पर वसूली करने वालों को लैंपपोस्ट से बांधकर मारा जाएगा। गुरुवार शाम को मेमारी में विधायक की पहल पर ''संकल्प अभियान'' और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दीप प्रज्वलन का आयोजन किया गया था। इसी मंच से उन्होंने वसूली बंद करने के लिए कड़े कदम उठाने की चेतावनी दी। मानब गुहा ने कहा कि पिछले तीन-चार महीनों से मेमारी में वसूली बंद करने की बात कही जा रही है, लेकिन फिर भी कुछ लोग इस काम में लगे हुए हैं। उनका आरोप है कि कहीं दुकानों पर जाकर विधायक के नाम पर 5,000 रुपये मांगे जा रहे हैं, तो कहीं सबमर्सिबल लगाने, पानी का कनेक्शन देने या अवैध निर्माण की अनुमति दिलाने के नाम पर पैसे ऐंठे जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि कोई दुकान पर जाकर कह रहा है कि मुझे विधायक ने भेजा है और 5,000 रुपये देने होंगे। ऐसे तोलाबाजों को बांधकर रखा जाएगा और लैंपपोस्ट से बांधकर पीटा जाएगा। पुलिसकर्मियों की संख्या कम है, इसलिए जरूरत पड़ने पर विधायक खुद कानून अपने हाथ में लेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि केवल मेमारी नगरपालिका ही नहीं, बल्कि पंचायत क्षेत्रों में भी यदि विधायक के नाम पर पैसे मांगे गए तो यही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो वह खुद मौके पर पहुंचेंगे और आगे का कदम उठाएंगे। मेमारी में वसूली के पीछे कौन लोग हैं, इसे लेकर भी विधायक ने गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) से बीजेपी में आए कुछ लोग और बीजेपी के भी कुछ नेता-कार्यकर्ता ऐसे तोलाबाजों को शरण दे रहे हैं।