तमिलनाडु में चक्रवात 'डिटवा' के कारण भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त

तमिलनाडु: चक्रवात डिटवा के कारण तटीय और कावेरी नदी से सटे इलाकों में भारी बारिश
तमिलनाडु में चक्रवात 'डिटवा' के कारण भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त
Published on: 

चेन्नई: तमिलनाडु तट की ओर बढ़ रहे चक्रवात डिटवा के कारण हुई बारिश ने शनिवार को तटीय क्षेत्रों और कावेरी डेल्टा जिलों में भारी तबाही मचाई। रामनाथपुरम जिले में एक नहर के पास एक पर्यटक वैन फंस गई हालांकि वैन में सवार लोग पिछले दरवाजे से बाहर निकलने में कामयाब रहे।

प्रशासन ने किया सतर्क

तेज हवा और भारी बारिश के कारण जिला प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी। एहतियात के तौर पर पर्यटकों को पंबन द्वीप के दक्षिण-पूर्वी सिरे पर स्थित धनुषकोडी की यात्रा न करने की सलाह दी गई है। यह कस्बा 1964 में रामेश्वरम में आए चक्रवात के दौरान तबाह हो गया था।

इन इलाकों में भारी बारिश

तंजावुर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, तिरुविदैमरुदुर, कुंभकोणम, पापनासम, तिरुवैयारु, पट्टुकोट्टई, कुड्डालोर और चेन्नई के कुछ इलाकों सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। बारिश के कारण संवेदनशील जिलों के प्रशासन को दिन भर के लिए स्कूल बंद करने का आदेश देना पड़ा। रामनाथपुरम और नागपट्टिनम जिलों में तेज हवा व बारिश की सूचना मिली।

मौसम विभाग ने दी जानकारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा, 'श्रीलंका के तटीय क्षेत्र और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान डिटवा पिछले छह घंटों के दौरान आठ किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ा और आज सुबह साढ़े पांच बजे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी श्रीलंका के ऊपर केंद्रित था।'

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in