शिवकाशी: अवैध पटाखा गोदाम में विस्फोट, 3 की मौत

अवैध पटाखा फैक्ट्री बनी काल
Virudhunagar
पटाखा गोदाम में भीषण धमाका
Published on

चेन्नई : तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के शिवकाशी के निकट रविवार को एक अवैध पटाखा गोदाम में हुए भीषण विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। विस्फोट के बाद लगी आग और लगातार हुए धमाकों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह हादसा शिवकाशी तालुक के सेंगामलपट्टी गांव स्थित एक अवैध गोदाम एवं निर्माण इकाई में हुआ, जहां कथित तौर पर बिना अनुमति के पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इमारत का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद लगातार हो रहे धमाकों और उठते काले धुएं के गुबार से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं बचाव विभाग की कई टीमें तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

शुरुआत में पुलिस ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की थी, लेकिन तलाशी अभियान के दौरान मलबे से एक और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। हादसे में घायल लोगों को शिवकाशी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित गोदाम आवश्यक अनुमति के बिना संचालित किया जा रहा था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोट का कारण क्या था और क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी, विस्फोटक सामग्री के गलत भंडारण या अवैध निर्माण गतिविधियों के चलते यह हादसा हुआ।

गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ दिन पहले ही तमिलनाडु की उद्योग मंत्री एस. कीर्तना ने शिवकाशी में पटाखा निर्माताओं और व्यापारियों के साथ बैठक कर उद्योग को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने तथा नियामकीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की थी।

हादसे के बाद एक बार फिर शिवकाशी में अवैध पटाखा इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in