

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाने और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समारोह में भाग लेने के लिए गुजरात का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि मोदी नर्मदा जिले में 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे, जिसमें आदिवासी कल्याण, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और विरासत पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी अपराह्न करीब 12:45 बजे नर्मदा जिले के देवमोगरा मंदिर में पूजा और दर्शन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री अपराह्न करीब 2:45 बजे डेडियापाड़ा पहुंचेंगे, जहां वह एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे, परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और सभा को संबोधित करेंगे।
बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी ग्रामीण और दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे में सुधार के उद्देश्य से कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (डीए-जगुआ) के तहत निर्मित एक लाख घरों का गृह प्रवेश शामिल है।
प्रधानमंत्री मोदी लगभग 1,900 करोड़ रुपये की लागत वाले 42 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, सामुदायिक गतिविधियों के लिए 228 बहुउद्देश्यीय केंद्रों, डिब्रूगढ़ में असम मेडिकल कॉलेज में ‘सेंटर ऑफ कॉम्पीटेंस’ और आदिवासी संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण के लिए इंफाल में एक जनजातीय अनुसंधान संस्थान भवन का भी उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री गुजरात के 14 आदिवासी जिलों में कनेक्टिविटी में सुधार के लिए 250 बसों को हरी झंडी भी दिखाएंगे। वह आदिवासी क्षेत्रों में 748 किलोमीटर नयी सड़कों की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री 2,320 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 50 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की भी आधारशिला रखेंगे।