शातिरों ने Flipkart के 1.61 करोड़ रुपये मूल्य के फोन चुराए

एप्पल का आईफोन, सैमसंग गैलेक्सी, वीवो और आईक्यूओओ जैसे मॉडल शामिल
शातिरों ने Flipkart के 1.61 करोड़ रुपये मूल्य के फोन चुराए
Published on: 

कोच्चि : केरल के एर्णाकुलम जिले में ऑनलाइन मंच फ्लिपकार्ट ने अपने वितरण केंद्रों पर बड़ी धोखाधड़ी का पता लगाया है, जिसके तहत 1.61 करोड़ रुपये मूल्य के मोबाइल फोन कथित तौर पर गायब कर दिए गए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि फ्लिपकार्ट के प्रवर्तन अधिकारी की शिकायत के आधार पर एर्णाकुलम ग्रामीण साइबर पुलिस ने बृहस्पतिवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, फ्लिपकार्ट ने एर्णाकुलम के कंजुर, कुरुप्पम्पडी, मेक्काड और मूवाट्टुपुझा स्थित अपने वितरण केंद्रों पर धोखाधड़ी का पता लगाया है। उसने बताया कि इन केंद्रों के प्रभारी क्रमशः सिद्दीकी अलियार, जस्सिम दिलीप, हैरिस पीए और महीन नौशाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

फर्जी address पर मंगाया फोन

प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपियों ने आठ अगस्त से 10 अक्टूबर 2025 के बीच फ्लिपकार्ट मंच से अलग-अलग फर्जी पतों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करके 332 मोबाइल फोन मंगाए, जिनमें एप्पल का आईफोन, सैमसंग गैलेक्सी, वीवो और आईक्यूओओ जैसे मॉडल शामिल थे। प्राथमिकी में कहा गया है कि उक्त केंद्रों में से कंजुर से 38 फोन (कीमत 18.14 लाख रुपये), कुरुप्पम्पडी से 87 फोन (कीमत 40.97 लाख रुपये), मेक्काड से 101 फोन (कीमत 48.66 लाख रुपये) और मूवाट्टुपुझा से 106 फोन (कीमत 53.41 लाख रुपये) मंगाए गए थे।

इसमें कहा गया है कि संबंधित पते पर वितरण के लिए भेजे जाने के बाद ये सभी फोन गायब कर दिए गए। पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “जांच अभी शुरू हुई है। हम मामले में और विवरण जुटाए रहे हैं। जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।”

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in