मानसून सत्र से पहले लोकसभा में सीटों का बड़ा फेरबदल

टीएमसी के 20 बागी सांसद बैठेंगे अलग पंक्ति में
New Delhi
लोकसभा में सीटों का फेरबदल
Published on

नई दिल्ली : संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से ठीक पहले लोकसभा में सांसदों की बैठने की व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश पर लोकसभा सचिवालय ने 39 सांसदों की सीटों में परिवर्तन करते हुए नई बैठक व्यवस्था लागू की है।

इस नई व्यवस्था के तहत तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों को एक साथ अलग स्थान पर बैठाने का निर्णय लिया गया है।

लोकसभा सचिवालय के अधिकारियों के अनुसार, टीएमसी के बागी सांसदों को अलग समूह में बैठाने के लिए सदन की बैठने की पूरी व्यवस्था में बदलाव करना पड़ा। इसके चलते विभिन्न दलों के कई सांसदों की सीटें भी बदलनी पड़ी हैं। सभी सांसद सोमवार से शुरू होने वाले मानसून सत्र में अपनी नई निर्धारित सीटों पर बैठेंगे।

नई सीट व्यवस्था के तहत टीएमसी के लोकसभा नेता अभिषेक बनर्जी की सीट भी बदली गई है। इसके अलावा वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सांसद पी. वी. मिधुन रेड्डी और शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल समेत कई अन्य सांसदों को भी नई सीटें आवंटित की गई हैं।

लोकसभा सचिवालय का कहना है कि यह बदलाव सदन की कार्यवाही को अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित करने और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। नई व्यवस्था के अनुरूप सभी सांसदों को उनकी संशोधित सीटों की जानकारी दे दी गई है।

सोमवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र में सांसद पहली बार नई बैठने की व्यवस्था के अनुसार सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। राजनीतिक गलियारों में इस फेरबदल को विशेष रूप से टीएमसी के बागी सांसदों को अलग बैठाने के फैसले के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in