

नई दिल्ली : भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट को ग्राहकों की शिकायतों के आधार पर 9 नोटिस जारी किए हैं। इन शिकायतों में सड़ा-गला, दूषित और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की डिलीवरी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
FSSAI के अनुसार, विभिन्न उपभोक्ताओं ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें ऐसे खाद्य उत्पाद मिले जो खाने योग्य नहीं थे या उनकी गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी। शिकायतों की जांच के बाद नियामक ने स्विगी इंस्टामार्ट से स्पष्टीकरण मांगा है और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
FSSAI द्वारा साझा की गई शिकायतों में एक मामला विशेष रूप से गंभीर पाया गया। इसमें बच्चों के खाने का एक उत्पाद बेहद खराब और असुरक्षित स्थिति में ग्राहक तक पहुंचाया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि उत्पाद को उचित तापमान और निर्धारित मानको के अनुसार स्टोर नहीं किया गया था, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो गई।
खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों और अन्य उपभोक्ताओं के लिए खराब या एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। ऐसे मामलों में खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करना जरूरी है।
FSSAI ने स्पष्ट किया है कि सभी फूड बिजनेस ऑपरेटरों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी है कि वे उपभोक्ताओं तक केवल सुरक्षित, ताजा और गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरने वाले खाद्य उत्पाद ही पहुंचाएं। नियमों का उल्लंघन किये जाने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।