दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी बदलने की अफवाहों पर लगाया विराम

'बीजेपी में जन्म लिया, बीजेपी में ही रहूंगा'— टिकट कटने के बाद नरोत्तम मिश्रा ने तोड़ी चुप्पी
Bhopal
टिकट कटने के बाद नरोत्तम मिश्रा ने खत्म की अटकलें
Published on

भोपाल : दतिया उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा की राजनीतिक सक्रियता और भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच उन्होंने रविवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने पार्टी छोड़ने की सभी चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनका राजनीतिक जीवन भारतीय जनता पार्टी के साथ ही जुड़ा है और आगे भी रहेगा।

दिल्ली दौरे को लेकर नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि उनकी यात्रा पूर्व निर्धारित थी और इसे किसी राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने स्वीकार किया कि दिल्ली में पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं से उनकी मुलाकात हुई, लेकिन किन नेताओं से चर्चा हुई, इसका खुलासा करने से उन्होंने इनकार कर दिया।

पार्टी अध्यक्ष से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब भी ऐसी बैठक होगी, इसकी जानकारी सार्वजनिक रूप से दी जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की चर्चाओं को भी उन्होंने पूरी तरह निराधार बताया। मिश्रा ने कहा कि अमित शाह इस समय दिल्ली में ही मौजूद नहीं हैं, इसलिए उनसे मुलाकात का सवाल ही नहीं उठता।

पार्टी बदलने की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि ऐसी खबरों का कोई आधार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "मेरा जन्म बीजेपी में हुआ है और मेरा अंत भी बीजेपी में ही होगा। पार्टी छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं है।"

दतिया से टिकट कटने के मुद्दे पर उन्होंने आत्म मंथन की बात कही। मिश्रा ने कहा कि अब उनका राजनीतिक कद पहले जैसा नहीं रहा और इसके लिए वे किसी अन्य को जिम्मेदार ठहराने के बजाय स्वयं आत्म चिंतन करेंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि होता है और वे एक सामान्य कार्यकर्ता की तरह संगठन के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे न पहले नाराज थे और न ही अब किसी प्रकार की नाराजगी है।

दतिया से भाजपा प्रत्याशी बनाए गए आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उनकी जीत निश्चित है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं तिवारी के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे और दतिया सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से चुनाव प्रचार करेंगे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in