गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

ई मेल मिलने पर पुलिस अलर्ट
Alert
गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी सांकेतिक चित्र इंटरनेट से साभार
Published on

गुरुग्राम : गुरुग्राम के कई विद्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल बुधवार सुबह प्राप्त हुए, जिसके बाद पुलिस ने परिसरों में तलाशी अभियान शुरू किया।

पुलिस ने बताया कि श्री राम, एमिटी और एचडीएफसी स्कूल सहित कम से कम 10 विद्यालयों को सुबह 8.33 बजे धमकी भरे ईमेल मिले, जब कक्षाएं पहले ही शुरू हो चुकी थीं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्कूल प्रशासनों को सुबह करीब 9 बजे धमकियों की जानकारी मिली और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

अधिकारी ने बताया कि विद्यालयों ने तुरंत आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किए, कई विद्यालय ने छुट्टी घोषित कर दी और अभिभावकों से अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने का अनुरोध किया।

पुलिस और बम निरोधक दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की, वहीं बड़ी संख्या में चिंतित अभिभावक विद्यालय के बाहर जमा हो गए। अधिकारी ने बताया, "सुबह से अब तक करीब 10 विद्यालयों ने बम की धमकियों को लेकर पुलिस से संपर्क किया है। पुलिस दल सतर्क हैं और सभी परिसरों में तलाशी जारी है।"

जनवरी से अब तक यह तीसरी बार है जब विद्यालयों को बम की फर्जी धमकियां मिली हैं।

मार्च में, शहर के कम से कम एक दर्जन विद्यालयों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले थे, जो बाद में झूठे साबित हुए थे।

इसी तरह, 28 जनवरी को, 13 विद्यालयों को ईमेल के जरिए बम की झूठी धमकियां मिलीं, जिसके चलते अधिकारियों को परिसर खाली कराना पड़ा और कक्षाएं स्थगित करनी पड़ीं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in